जोधपुर.सेंट्रल जेल में बंद अपराधियों द्वारा अवैध गतिविधियां संचालित करने पर अंकुश लगाने के लिए जेल अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पूरी जेल की तलाशी ली। इस दौरान एक बैरक में मोबाइल फोन और सिम बरामद हुई।दरअसल, पिछले कुछ समय से जोधपुर कमिश्नरेट और ग्रामीण पुलिस द्वारा पकड़े गए बदमाशों के संपर्क जेल से जुड़े होने की जानकारी सामने आ रही थी।
इसी के मद्देनजर जेल में बंद बदमाशों पर अंकुश लगाने के लिए डीआईजी (जेल) देवेंद्र सिंह और डीसीपी (पूर्व) अजयपाल लांबा व अन्य अधिकारियों ने योजना बनाई। इसके लिए मंगलवार को जेल अधीक्षक राकेश मोहन शर्मा के साथ स्पेशल टीम के प्रभारी राजवीर सिंह, बासनी थानाधिकारी गौतम जैन, बनाड़ थानाधिकारी हनुमानसिंह सहित कमिश्नरेट के कई थानों की टीमें जेल परिसर पहुंची।
यहां जेल अधिकारियों के साथ पुलिस की संयुक्त टीमों ने पूरे जेल परिसर व बैरकों की तलाशी ली। हालांकि, इस दौरान जेल में एक मोबाइल और सिम के अलावा अन्य कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। फिलहाल, तलाशी के दौरान जेल में मिले मोबाइल और सिम के उपयोगकर्ता के बारे में पता लगाया जा रहा है।