जोधपुर। पाली में सोना-चांदी के व्यापारी दीपक
सोनी की हत्या से आक्रोशित जोधपुर के स्वर्णकार समाज और अन्य सर्राफा व्यवसायियों ने गुरुवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और रैली निकाल संभागीय आयुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। इस दौरान शहर में करीब दो हजार प्रतिष्ठान बंद रहे।
रैली में जोधपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन, दी जोधपुर सर्राफा एसोसिएशन लि., बाह्मण स्वर्णकार सभा, मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्थान, घोड़ों का चौक व्यापारी संघ के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। रैली घोड़ों का चाैक से रवाना होकर कलेक्ट्रेट पर समाप्त हुई।
यहां संभागीय आयुक्त हेमंत गेरा को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम ज्ञापन दिया गया। जोधपुर के स्वर्णकारों ने संभागीय आयुक्त व पुलिस अधिकारियों को दिए ज्ञापन में सुरक्षा की मांग करते हुए दीपक
सोनी के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग रखी।
जोधपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के महासचिव नवीन सोनी ने बताया कि सभी व्यापारिक संस्थाओं की इस संयुक्त रैली में एसोसिएशन अध्यक्ष पदम कांकरिया व सचिव राजेंद्र भंडारी, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवनारायण अग्रवाल व सचिव रामेश्वर जसमतिया, ब्राह्मण स्वर्णकार सभा के अध्यक्ष मनोहरलाल काला, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण कट्टा व सचिव श्यामसुंदर लाडनवाल, मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्थान के अध्यक्ष घनश्याम रोड़ा, महामंत्री शिवकुमार आर्य, उपाध्यक्ष भंवरलाल कड़ेल व उपमंत्री दत्तात्रेय डावर, चंदनमल कूकरा, घोड़ों का चौक व्यापारी संघ के लक्ष्मीनारायण महेचा, सचिव कांतिलाल लोढ़ा सहित सभी संस्थाओं के सदस्य, पदाधिकारी व समाज बंधु शरीक हुए।