(बंगले की डिजाइन के हिसाब से तय किया पत्थर।)
जोधपुर. पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल मोहाली में अपना आशियाना बना रहे हैं, उसके लिए जोधपुरी छीतर पत्थर पंसद किया है। इसके लिए उन्होंने बुधवार को मंडोर स्टोन पार्क की एक यूनिट में गड़ाई व फिनिशिंग का काम देखा, जबकि दूसरी यूनिट में सैंपल का जायजा लिया।
बंगले की डिजाइन के हिसाब से तय किया पत्थर
बादल अपने साथ बंगले की इंटीरियर व एक्सटीरियर डिजाइन के फोटोग्राफ्स के साथ फ्रंट एलिवेशन की डिजाइन के पिक्चर्स भी लाए थे। उसी के हिसाब से पत्थर भी तय किया। उन्होंने छीतर के पत्थर की बारीकी से जानकारी ली। एक समान पत्थर होने पर पानी डलवा कर रंग परखा। पत्थर की मोटाई, उसके लगने के तरीके और डिजाइन की क्वालिटी सरीखे कई सवाल इकाई संचालकों से किए। आरबी स्टोन के हुकमसिंह सोलंकी और स्टोन पैराडाइज के संजय पुरोहित ने बादल को छीतर के पत्थर के गुणों के बारे में बताया।
उम्मेद पैलेस पसंद इसलिए वैसा ही लुक देना चाहते हैं कोठी को
सुखबीर सिंह बादल को जोधपुर का उम्मेद भवन पैलेस पंसद है। उसी की तर्ज पर ट्रेडिशनल लुक के लिए कोठी के फ्रंट एलिवेशन के लिए और अंदर जोधपुरी छीतर पत्थर लगाने का निर्णय लिया है। बादल की कोठी का कंस्ट्रक्शन एरिया करीब 25 हजार स्क्वायर फीट होगा। इसके लिए जोधपुरी हेरिटेज के लुक वाली जालियां, झरोखे, पत्थर की रेलिंग आदि पंसद कर ली गई है।