जोधपुर.मारवाड़ में लगातार दूसरे दिन रविवार को भी मौसम ने कई रंग दिखाए। पहले धूप, फिर अंधड़ और बारिश। जोधपुर शहर में अंधड़ ने जनजीवन को प्रभावित किया। कई इलाकों में बिजली के तार टूट गए। लाइटें गुल हो गई। मुख्य सड़कों पर देर रात तक लाइटें बंद रही। जोधपुर शहर में सुबह तेज धूप खिली जिससे अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। दोपहर के बाद हवाओं का दौर शुरू हुआ।
शाम करीब पांच बजे तेज आंधी चली। इसके बाद कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे शादी-विवाह कार्यक्रमों में खलल पड़ा। फलौदी में एक एमएम बारिश हुई। ओसियां, भोपालगढ़, बाप, बावड़ी व बिलाड़ा सहित जिले के अधिकांश स्थानों पर अंधड़ के बाद बारिश हुई। बाड़मेर व जैसलमेर जिले के कई स्थानों पर आंधी के बाद शाम को बारिश हुई।
हालांकि जैसलमेर में दिन को तेज गर्मी रही और यहां संभाग का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहां दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री बढ़ा। दोपहर बाद बादल छाने लगे और मौसम करवट बदलने लगा। शाम करीब पांच बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर करीब एक घंटे तक चलता रहा। रामगढ़ में दिन भर की तपन के बाद दोपहर बाद 4 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। वहां आस-पास के गांवों में भी बारिश हुई। करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर हुई तेज बारिश से चारों तरफ पानी भर गया। पोकरण में भी करीब चार बजे हल्की बूंदाबांदी हुई।
तापमान :
जोधपुर 38.7 व 24.3, फलौदी 38.0 व 27.0, बाड़मेर 40.8 व 24.0, जैसलमेर 41.2 व 25.6 डिग्री सेल्सियस।