पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर. राज्यसभा सांसद भूपेंद्र कुमार यादव ने कहा कि देश को विकट परिस्थितियों से निकालने और नए सूर्योदय की शुरुआत जोधपुर से होनी चाहिए। बदलाव की बयार चल रही है। बदलाव से ही देश का विकास होगा। वे पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद योजनाबद्ध रूप से कार्य करना शुरू कर दिया है। सरकार ने अपनी 60 दिवसीय कार्ययोजना घोषित कर सभी विभागों पर लगाम कस ली है तथा इसी आधार पर पांच वर्ष तक कार्य करने से ही प्रदेश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि जोधपुर के पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव का स्वरूप देखकर ये लगता है कि यहां के उद्योगों ने विकास की राह पर काफी संघर्ष किया है तथा आने वाले समय में इन उद्योगों का और विकास होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री रामनारायण डूडी ने कहा कि जोधपुर में उद्योगों के विकास की प्रचुर संभावनाएं है तथा यहां के खनिज व पेट्रोलियम का सही दिशा में दोहन कर औद्योगिक विकास के चरम तक पहुंचा जा सकता है। ओलिंपिक में देश व राज्य का नाम रोशन करने वाले शूटर राज्यवर्धन सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी की ओर से औद्योगिक विकास के तय मापदंडों को जोधपुर पूरा करता है। जोधपुर मोदी के पांच टी यानी टूरिज्म, ट्रेडिशन, टेक्नोलॉजी, ट्रेड व टेलेंट सभी मौजूद हैं। उन्होंने यूथ से लगातार मेहनत करने की आवश्यकता जताई। उत्सव संयोजक मेघराज लोहिया ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव की शुरुआत एक छोटे से रूप में हुई थी तथा आज इस उत्सव ने विशाल रूप ले लिया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को रीको ने उत्सव के सफल आयोजन के लिए 10 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की है।
कार्यक्रम के आरंभ में जोधपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष आशाराम धूत ने जोधपुर के औद्योगिक परिदृश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व सांसद जसवंत सिंह विश्नोई ने भी संबोधित किया। मंच पर जेआईए सचिव शरद जैन, लघु उद्योग भारती के सचिव हरीश लोहिया भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद सिंघल ने किया अंत में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक वाईएस दुबे ने आभार जताया। इस अवसर पर जेआईए के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र पित्ती, शिवरतन मानधना, देवेंद्र सालेचा, एसएन भार्गव, अरुण जैसलमेरिया, सीएस मंत्री, ओम लोहिया, पवन लोहिया, ओम सोनी, राजकुमार बाफना, सुरेश भवानी, डॉ. भरत दिनेश, अमरचंद लोढ़ा, सागर जोशी, सुधींद्र दुग्गड़, प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़, पवन धूत व भाजयुमो जिलाध्यक्ष पवन आसोपा सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। इससे पूर्व सभी अतिथियों की मौजूदगी में गणेश पूजन व दीप प्रज्ज्वलन कर उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.