पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर. रोडवेज के प्रबंध निदेशक भास्कर ए. सावंत ने कहा है कि जोधपुर में अंतरराज्यीय बस स्टैंड के निर्माण के लिए पावटा सब्जी मंडी की भूमि लेने के सौ फीसदी प्रयास करेंगे। इसके लिए कृषि सचिव से अति शीघ्र बात कर हल निकाला जाएगा। वे सोमवार को राईकाबाग बस स्टैंड की व्यवस्थाएं देखने के बाद दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत कर रहे थे। सावंत ने बस स्टैंड पर पुराने परिसर, डीलक्स डिपो, कैंटीन, बैग शाखा, बुकिंग व सफाई आदि की व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने खास तौर पर बसों में सफाई को लेकर असंतोष जताया।
अफसरों से पूछा- ऐसी सफाई रोज रहती है या मुझे दिखाने के लिए की
सावंत ने जोधपुर डिपो के मुख्य प्रबंधक मदन चौधरी, जोनल मैनेजर महावीर प्रसाद दाधीच, प्रबंधक (प्रशासन) ओपी बैरवा सहित अन्य अधिकारियों से पूछा कि बस स्टैंड पर ऐसी सफाई रोज होती है या आज मुझे दिखाने के लिए की है? सावंत ने यह भी पूछा कि सफाई का ठेका कितने में दिया है? चौधरी ने बताया कि 15 हजार में ठेका दिया है।
सावंत ने कहा, 'क्या इतने में बस स्टैंड की सफाई होगी? मुझे नहीं लगता कि सफाई ढंग से होती होगी।' इस पर दाधीच व चौधरी ने बताया कि आपसी प्रतिस्पद्र्धा के कारण ठेका 25 हजार से 15 हजार पर आ गया है। इसके बाद सावंत अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक बस में चढ़ गए। उन्होंने बस के फर्श पर गंदगी देख अंसतोष जताया।
इस वर्ष 100 नई बसें
सावंत ने बताया कि रोडवेज के बेड़े में 500 बसें नई खरीदनी थी। इनमें से 400 बसें आ चुकी हैं, शेष 100 बसें इस साल खरीदी जाएंगी। इससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं दी जा सकेंगी।
मंडी व सेंट्रल वर्कशॉप परिसर का जायजा लिया
सावंत ने अपने साथ आए कार्यकारी निदेशक (टेक्निकल) हेमंत श्रीमाल, एक्सईएन मुकेश राणा, जोनल मैनेजर व डिपो मैनेजर के साथ पावटी मंडी की जमीन भी देखी। इसके बाद भदवासिया सेंट्रल वर्कशॉप व देसूरी विश्नोइयान में निर्माणाधीन सेंट्रल वर्कशॉप का जायजा लिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.