जोधपुर.गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही ट्रेनों के आरक्षित टिकटों की दलाली बढ़ने लगी है। ऐसी ही जानकारी मिलने पर रेलवे की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को पाली में कार्रवाई कर अनारक्षित टिकट बेचने वाले एक एजेंट को पकड़ा। इससे 38 कन्फर्म टिकट बरामद किए गए। वह अनारक्षित टिकट की आड़ में आरक्षित टिकटों को महंगे दाम पर बेच रहा था। फिलहाल रेलवे सुरक्षा बल ने एजेंट को हिरासत में लिया है।
जयपुर स्थित रेलवे की विजिलेंस विंग को शिकायत मिली थी कि पाली रेलवे स्टेशन के बाहर अनारक्षित टिकट बेचने के लिए अधिकृत प्रदीप अरोड़ा लंबे समय से आरक्षित टिकटों की दलाली कर रहा है। इस पर विजिलेंस व आरपीएफ की आठ सदस्यीय विशेष टीम ने शुक्रवार दोपहर बाद छापे की कार्रवाई कर एजेंट को पकड़ लिया। उसके पास अलग-अलग स्टेशनों के लिए बुक करवाए गए करीब 46 हजार रुपए के 38 टिकट बरामद हुए।
जांच के दौरान एजेंट के पास रद्द करवाए गए 20 टिकट भी मिले। बड़ी संख्या में तत्काल कोटे के लिए भरी हुई रिजर्वेशन पर्चियां, यात्रियों के आईडी कार्ड की फोटो कॉपी और टिकटों के हिसाब-किताब की डायरी भी जब्त की गई हैं। फिलहाल आरोपी एजेंट को आरपीएफ समदड़ी को सौंपा गया है। विजिलेंस के इंस्पेक्टर अनिल सोनी, दिनेश मलिक, रजत जैन, प्रकाश गुरनानी व आरपीएफ कांस्टेबल सुबोध शर्मा के साथ पूरी टीम इस मामले की तह तक जाने के लिए पड़ताल कर रही है।