पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • TV Stars In Biggest Show Garba In Jodhpur

जोधपुर की जमीं पर सबसे बड़ा शो, हजारों लोगों के संग गरबे में सरीक हुए स्टार्स

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(स्टार प्लस के शो "एक वीर की अरदास... वीरा' में वीरा का लीड रोल प्ले कर रही दिगंगना ने लोगों के साथ किया गरबा।)
जोधपुर. दैनिक भास्कर और जाफरी पान मसाला की ओर से आयोजित गरबा महोत्सव 2014 के अंतिम दिन रविवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर के पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड की क्षमता 30 हजार लोगों की है। हालात ये थे कि ग्राउंड तो पूरा भर ही गया, पूरे गौरव पथ पर भीड़ थी। उत्साह से आसपास की सड़कें भी अट गई। सांस्कृतिक नगरी सूर्यनगरी में यह आयोजन अब तक का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल हुए अधिकारियों और लोगों के अनुसार उन्होंने शहर में गरबा के किसी आयोजन में इस तरह की भीड़ नहीं देखी। यह आयोजन महानगर के स्तर का था, सबसे बड़ी बात इतनी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं ऐसी थीं कि लोगों ने गरबा को अंतिम समय तक पूरा एंजॉय किया।
ज्यों-ज्यों विदाई की घड़ी नजदीक आ रही थी, गरबा खेलने वालों का जोश दुगुना हो रहा था मानो वे एक-एक पल का भरपूर मजा लेना चाहते हों। पैर थककर चूर थे लेकिन मन से मजबूर इन कपल्स को देखकर मानो मां अंबे भी इनके साथ ही डांस करने उतर आईं थीं। पॉलिटेक्निक कॉलेज का ग्राउंड नौ बजे ही खचाखच भर चुका था और गरबा का जज्बा इस कदर था कि डांडिया खेलने की चाह लेकर आए कपल्स डांडिया छोड़ हाथों से ही गरबा खेलने लगे ताकि साथ खेलने वालों को चोट न लगे।
वीरा फेम दिगंगना सूर्यवंशी को देखने और उनका फोटो खींचने में कुछ पल के लिए गरबा खेलने वालों के कदम रुके लेकिन वीरा ने जब उनके साथ आकर डांस करने की स्वीकृति दे दी तो फिर वीरा... वीरा... के शोर के बीच गरबा की धुनें भी दब-सी गई। हालांकि डीजे जीतू के 80 हजार वाट्स पर प्ले किए जा रहे ट्रैक पर तो ग्राउंड में खड़े हर व्यक्ति के कदम खुद ब खुद ही थिरक रहे थे। माय एफएम के आरजे रैक्स ने जब ऑडियंस के साथ दिंगगना के सिंगर होने का राज शेयर किया तो फिर ऑडियंस ने एक गीत गाने की फरमाइश दे ही डाली।
'बचपन से टीवी पर आना चाहती थीं'
स्टार प्लस के शो 'एक वीर की अरदास... वीरा' में वीरा का लीड रोल प्ले कर रही दिगंगना सूर्यवंशी बचपन में पापा को देखकर टीवी पर आने के लिए उतावली थी। लेकिन धीरे-धीरे यह इच्छा कम हो गई और दूसरे शौक बढ़ गए। दैनिक भास्कर पहुंची दिगंगना ने अपने चुलबुले अंदाज में सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने बताया कि 10 साल की उम्र तक दो एलबम रिकॉर्ड कर चुकी थी और 15 साल की उम्र में अंग्रेजी गानों पर किताब "वेव्स एंड एंडलैस इमोशन' लिख दी। इसके बाद नॉवेल "निक्सी मर्मेड एंड पावर आफ लव' लिखा। अब वे इसका सीक्वल लिख रही हैं।
वीरा ने बताया कि उनके लिए एक्टिंग, सिंगिग और राइटिंग तीनों ही जरूरी है। दिगंगना ने बताया कि एक्टिंग दिमाग है, सिंगिंग दिल है और राइटिंग आत्मा है। उसने बताया कि पापा एक्टर थे और उन्हें देखकर एक्टिंग करने का सपना देखा था। उसने अपना पसंदीदा कलर सफेद बताया। बच्चों की डिमांड पर उसने शकीरा का "वाका वाका' गाना भी सुनाया।
गरबे में नजर आए मारवाड़, गुजरात और बॉलीवुड के रंग
तीन दिन के गरबा के लिए डांसर्स ने शहर भर में अपने लिए अनोखी ड्रेसेज ढूंढ निकाली थीं। सबसे अलग दिखने की चाह सिर्फ ड्रेस सलेक्शन तक ही नहीं थी, बल्कि पुरुषों ने साफे, टोपी तो लड़कियों ने भी सिर ढंकने के लिए कई जतन किए थे। मां अंबे की आराधना सज-धज कर ही होती हैं, इसलिए शाम होते ही गर्ल्स ब्यूटी पार्लर पहुंच जाती और सैकड़ों रुपए खर्च कर मेकअप और टैटू पेंट कराकर पहुंची। गर्ल्स का अंदाज ग्लैमरस था तो मम्मियां भी पीछे नहीं थीं।
जज्बा ऐसा ही कि ठीक होते ही खेलने पहुंचे
पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में रहने वाले सीए कपल कुलदीप कुमावत और विदिता को दुख इस बात का था कि उन्होंने ट्रेनिंग क्यों नहीं ली? वे कॉमन सर्किल में डांडिया खेल रहे थे। विदिता ने बताया कि इस बार ट्रेनिंग लेने की बड़ी इच्छा थी, लेकिन उन दिनों तबीयत खराब हो गई। आज ही तबीयत कुछ ठीक हुई तो गरबा खेलने की ललक यहां खींच लाई। कुलदीप ने बताया कि अगली बार वे मेन सर्किल में दिखेंगे।
सुरक्षा के भारी इंतजाम, हेलीकॉप्टर कैमरे से रखी नजर
सौ सिक्यूरिटी गार्ड के साथ पॉलीटेक्निक ग्राउंड में सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाले श्रीराम सिक्योरिटीज के डायरेक्टर मानवेंद्र ने कहा कि गरबा को देखते हुए मेटल डिटेक्टर व आधा दर्जन डॉग स्क्वायड से पैनी नजर रखी जा रही थी। सीसीटीवी के अलावा हेलीकॉप्टर कैमरे से भी हर शख्स को कैमरे में कैद किया जा रहा था।
छह बेस्ट डांसर्स को दिए गए मोबाइल
दिगंगना ने गरबा के छह बेस्ट डांसर्स को मोबाइल दिए। जिओनी गुप की ओर से बेस्ट डांस करने वाले प्रियंका पंड्या, देविका वैष्णव, देवऋषि भाटी, जान्हवी, चेल्सी शेखावत, अंकिता हुंदलानी को मोबाइल हैंडसेट दिए गए। इसी तरह मॉक्स-वॉक्स की तरफ से ईश्वर एंड प्रियल देवानी, सुरभि माहेश्वरी, शालिनी टाक, सुनील सोनी, संगीता जैन, सौरभ जाखड़ को डीजे पार्टी के लिए कूपन उपहार दिए गए।
आगे की स्लाइड्स में देखें गरबे की मनमोहक तस्वीरें
फोटो- भगवान पंवार