पीपाड़ शहर\\जोधपुर। यहां गांव को ईमानदार व युवा सरपंच देने की कोशिश जरूर रंग नहीं ला पाई लेकिन ग्रामीणों ने अपना मकसद जिंदा रखा है। सरपंच का चुनाव हारने वाले युवा प्रत्याशी को ग्रामीणों ने रविवार को एक समारोह में न केवल 21 लाख से ज्यादा का आर्थिक सहयोग दिया बल्कि अगली बार सरपंच बनाने का भरोसा भी दिलाया।
मामला पीपाड़ शहर के खांटगा पंचायत का है। यहां ग्रामीणों ने युवा प्रकाश बोराणा को सरपंच का चुनाव लड़ाया था लेकिन वे 139 वोटों से हार गए। लेकिन ग्रामीणों ने बाेराणा से कहा कि इससे निराश होने की जरूरत नहीं है। ग्रामीणों ने रविवार को बाेराणा का समर्थन करने मतदाताओं का आभार जताने के लिए धन्यवाद का आयोजन किया। इसमें काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए। सभा के दौरान बाेराणा के समर्थकों ने 21 लाख 21 हजार 121 रुपए की राशि एकत्र कर ली। इसकी माला बोराणा को पहना दी। बाेराणा पाली लोकसभा क्षेत्र से युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैं। बोराणा को चुनाव में १३७० वोट मिले थे। रविवार को धन्यवाद सभा में ग्रामीणों का समर्थन पाकर बोराणा भावुक हो गए। उन्होंने सभी ग्रामीणों का आभार जताया।