जोधपुर. देचू थाना क्षेत्र के गांव ठाडिया में एक पेड़ के नीचे बैठे तीन बच्चों को स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो भी कुछ दूरी पर एक खड्डे में जाकर रुकी, इससे चालक भी घायल हो गया।
देचू थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह ने बताया कि ठाडिया स्थित श्री आईजी मेमोरियल स्कूल के छात्र रावल सिंह (9) पुत्र मदनसिंह, कालू सिंह (10) पुत्र जसवंत सिंह और जाेगसिंह (10) पुत्र पेहपसिंह सोमवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जा रहे थे। रास्ते में वे एक बेर के पेड़ की छांव में रुके और बेर व बिस्किट खा रहे थे। तभी तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो चला रहे देवाराम सुथार पुत्र तेजाराम ने इन बच्चों को चपेट में ले लिया। इससे रावल सिंह और कालू सिंह की वहीं मौत हो गई, जबकि जोग सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर मामले की जांच शुरू की है।