जोधपुर. बोम्बे मोटर्स चौराहे से 12वीं रोड के बीच स्थित मेट्रो वाइन्स की दुकान पर रविवार शाम साढ़े सात बजे दो गुट के युवक कहासुनी के बाद आपस में भिड़ गए। दोनों गुट के युवकों ने एकदूसरे पर दुकान में रखी शराब की बोतलें फेंकी। इससे सड़क पर टूटी बोतलों के कांच बिखर गए।
सरदारपुरा थाना पुलिस ने बताया कि दुकान के सेल्समैन चंदन चारण ने रिपोर्ट दी कि रविवार शाम साढ़े सात बजे एक फोर्ड फिगो कार में सवार कुछ युवक शराब खरीदने आए। तभी बाइक पर सवार कुछ युवक भी वहां आए। दोनों गुट के युवकों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिससे वे आपस में भिड़ गए। मारपीट करते युवक दुकान में घुस आए और वहां रखी बोतलें एकदूसरे पर बरसानी शुरू कर दी। इस बीच कुछ युवक कार में बैठकर भागने लगे, तो दूसरे गुट के युवकों ने उनकी कार पर बोतलें मारी। इसके बाद दो गुटों के युवक भाग छूटे।
फायरिंग की अफवाह!
प्रत्यक्षदर्शियों ने एक गुट द्वारा फायरिंग करने की बात कही। सेल्समैन चारण ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि फायरिंग जैसी आवाज कार पर बोतलें मारने से आई। देर रात तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हो पाई। पुलिस देर रात दोनों पक्षों के युवकों की तलाश में लगी रही।