पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हिरण शिकारियों को रोकने पहुंचे युवक की हत्या, ग्रामीण धरने पर बैठे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

फलौदी (जोधपुर)। जांबा के निकटवर्ती सालासर ननेऊ गांव क्षेत्र में मंगलवार देर रात हिरण का शिकार करने पहुंचे बदमाशों ने शिकार में बाधा बनने वाले युवक शैतानसिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह तक यह बात पूरे क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में एकत्र ग्रामीण मौके पर ही रखकर शव रखकर धरने पर बैठ गए।

मामले की सूचना मिलने पर कलेक्टर गौरव गोयल व पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नितिनदीप ब्लग्गन सहित प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर आश्वस्त किया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण माने। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर बाप थाने में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु की है।

हिरणों को बच्चों की तरह प्यार करता था शैतानसिंह

हिरण से बच्चों की तरह प्यार करने वाला ननेऊ गांव का शैतानसिंह विश्नोई मंगलवार को देर रात अपने घर पहुंचा था। इसके कुछ देर बाद क्षेत्र में शिकारियों के आने की भनक लगी तो वह अपने भाई के साथ तत्काल उनका पीछा करने के लिए दौड़ पड़ा। बाद में घरवालों को पता लगा कि शैतान को गोली लग गई है।

इससे घर में कोहराम मच गया। एक तरफ परिजनों को गर्व था कि शैतानसिंह ने हिरणों को बचाने के लिए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की। दूसरी तरफ, उसके मासूम बच्चों की मनोस्थिति देख परिजनों का कलेजा मुंह को आ रहा था। किसी तरह घर के मुखिया अर्जुनराम अपने एक साल के मासूम पोते को संभाल रहे थे, वहीं अन्य ग्रामीण पूरे परिवार को ढांढस बंधा रहे थे।