पटवार भर्ती परीक्षा आज, जिले के 50 केन्द्रों पर 12076 देंगे परीक्षा
राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड जयपुर के तत्वावधान में 13 फरवरी को आयोजित पटवार भर्ती परीक्षा में जिले के 50 परीक्षा केन्द्रों पर 12076 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिसकी जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। वहीं जिला मुख्यालय के एक परीक्षा केन्द्र को बदला गया है।
पटवारी भर्ती परीक्षा 13 फरवरी को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिसमें करौली हिण्डौन में कुल 50 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिनमें करौली जिला मुख्यालय पर 18 परीक्षा केन्द्रों पर 3752 परीक्षा देंगे। 18 केन्द्रों के लिए 18 केन्द्राधीक्षक, 29 पर्यवेक्षक, 4 उपसमन्वयक नियुक्त किए गए हैं। इसी प्रकार हिण्डौन सिटी के 32 परीक्षा केन्द्र के लिए 57 केन्द्राधीक्षक, 32 पर्यवेक्षक एवं 6 उपसमन्वयक नियुक्त किए गए हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में मोबाइल द्वारा होने वाली नकल को रोकने के लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर जैमर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा और वीड़ियो रिकॉडिंग भी कराई जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थी को परीक्षा उपयोग के लिए मात्र पारदर्शी नीला बॉल पैन के अलावा मूल प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र एक पासपोर्ट साईज का फोटो परीक्षा केन्द्र पर लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, पर्स, पेजर्स, ब्लूटूथ, इलैक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य कोई संचार यंत्र , पान, गुटखा, सिगरेट, धूम्रपान के साधन रखने की अनुमति नहीं मिलेगी।
जिला मुख्यालय के रणगवां तालाब स्थित आईटीआई परीक्षा केन्द्र के 240 परीक्षार्थी का नवीन परीक्षा कन्द्र त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम के समीप शिवा एकेडमी उमावि को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है लेकिन केन्द्र का कोड वही रहेगा।
वनरक्षक दौड़ में सभी अभ्यर्थी पास
करौलीग्रामीण| वनरक्षक बनने के लिए शुक्रवार को शारीरिक दक्षता के लिए आयोजित दौड में शामिल सभी अभ्यर्थी पास हो गए। सफल अभ्यर्थियों के शीघ्र ही साक्षात्कार होंगे। डीएफओ संग्राम सिंह कटियार ने बताया कि वनरक्षक के लिए गत कई दिनों से चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद सफल रहे 105 अभ्यर्थियों की शुक्रवार को गद्का की चाैकी से रघुवंशी चौकी बाया सायपुर रोड पर दौड लगवाई गई। इस 25 किमी की दौड़ में सभी 103 अभ्यर्थी पास हो गए। वहीं 2 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कटियार ने बताया कि अब पास हुए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार अगले चरण में शीघ्र की किया जाना है। इसके लिए अभ्यर्थियों को अलग से लेटर भेजे जाएंगे। दौड के दौरान करौली तहसीलदार वनविभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। रणथंभौर बाघ परियोजना के उप वन संरक्षक उपेन्द्र मिश्रा ने बताया कि बाघ परियोजना रणथंभौर करौली के अंतर्गत वनरक्षक भर्ती 2015 में लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 15 से 20 फरवरी तक राजकीय महाविद्यालय करौली के खेल मैदान में आयोजित की जानी थी। इसका अब स्थान परिवर्तित करते हुए मुंशी त्रिलाेक चंद माथुर स्टेडियम कर दिया है।