शिशु के स्वास्थ्य के लिए मां का जागरूक रहना जरूरी
मासलपुर| करौलीपंचायत समित की प्रधान इन्दुदेवी जाटव ने कहा कि शिशु के स्वास्थ के प्रति सबसे पहले मां को सजग रहने की जरूरत है। स्वस्थ्य शिशु के लिए स्वच्छता और जागरुकता के साथ समय-समय पर टीकाकरण कराना आवश्यक है। यह बात प्रधान जाटव ने बुधवार को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर आयोजित शिशु स्वास्थ दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधन में कही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी डॉ.रामरूप मीणा ने भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधान इंदुदेवी ने कई बच्चों को कृमिनाशक दवा भी पिलाई। उन्होंने माताओं से आह्वान किया कि बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य पिलाएं। अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद जाटव ने कहा कि स्कूलों में कृमिनाशक दवा पिलाई जा रही है। कार्यक्रम में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ.दीपक चौधरी ने कहा कि कृमि संक्रमण से बच्चों में खून की कमी, भूख नहीं लगने, उल्टी,दस्त एवं बैचेनी जैसी कई समस्या बीमारियां उत्पन्न हो जाती हैं। इसलिए कृमिनाशक दवा का सेवन जरूरी है। महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाईजर शकुन्तला कांवट ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कृमिनाशक दवा पिलाई जा रही है। ब्लॉक समन्वयक शिवकुमार शर्मा एवं मुकेश चतुर्वेदी ने भी अपने विचार प्रकट किए। शिशु स्वास्थ शिविर में प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। इसमें माताओं से शिशु के स्वास्थ को लेकर सवाल किए और सही जवाब देने पर माताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
मासलपुर. शिशुस्वास्थ्य कार्यक्रम को संबोधित करतीं मुख्य अतिथि करौली प्रधान इंदुदेवी।