पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सीट बरकरार, पर जीत के अंतर में पिछड़ी भाजपा, 17 हजार कम वोट पड़े

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। कोटा दक्षिण के उप चुनाव में भाजपा की भले ही जीत हुई हो, लेकिन जीत का अंतर कम हो गया। 2013 विधानसभा चुनाव में ओम बिरला ने कांग्रेस प्रत्याशी पंकज मेहता को लगभग 50 हजार वोटाें के अंतर से हराया था। वहीं, लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को कोटा दक्षिण से लगभग 60 हजार वोटों की बढ़त मिली थी। इस बार उप चुनाव में जीत का अंतर घटकर 25 हजार 707 रह गया है। विधानसभा चुनाव में बिरला को लगभग एक लाख जबकि मेहता को लगभग 53 हजार वोट मिले थे।
मतगणना के 18 चक्रों में से दो चक्रों में कांग्रेस प्रत्याशी ने बढ़त ली थी, बाकी में वे लगातार पिछड़ते रहे। जैसे ही पहले चक्र में संदीप को 1810 मतों की बढ़त मिली, भाजपा खेमे में हर्ष छा गया, जबकि कांग्रेसी मायूस हो गए। मतगणना के दौरान प्रत्याशी शिवकांत सहित कांग्रेस का कोई भी वरिष्ठ नेता मतगणना स्थल पर नहीं पहुंचा। दो चक्रों में बढ़त के बाद तीसरे चक्र में शिवकांत नंदवाना को संदीप से अधिक मत मिले।
उन्हें 4268 जबकि संदीप को 3911 मत मिले। इसके बाद पांचवें चक्र में भी उन्होंने बढ़त ली। उन्हें 4828 जबकि संदीप को 4078 मत मिले। इसके बाद वे पिछड़ते चले गए। हर राउण्ड में कई भाग संख्या ऐसी थी, जिसमें उन्होंने बढ़त भी हासिल की। सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना 11 बजे के पहले ही समाप्त हो गई।
एयर कनेक्टिविटी का करेंगे प्रयास: संदीप
संदीप शर्मा ने अपनी जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं और सांसद ओम बिरला को देते हुए कहा कि लोगों ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है उस पर वे खरे उतरेंगे। कोटा में हो रहे हादसों को देखते हुए हैंगिंग ब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा करना, सुपर स्पेशिलिटी की सेवाओं का विस्तार कराना, कोटा को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने का प्रयास करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। कम अंतर से जीत पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को अभी काम करने का मौका नहीं मिला, जिससे कांग्रेस ने गलत प्रचार किया। मतदान भी कम हुआ। फिर भी बहुत अच्छे अंतर से जीत हुई है। उन्होंने कहा के वे कोटा दक्षिण में रहकर लोगों की सेवा करेंगे।

सांसद व विधायक भी पहुंचे

भाजपा प्रत्याशी की जीत की सूचना मिलने पर विधायक भवानीसिंह राजावत, हीरालाल नागर, चंद्रकांता मेघवाल आदि भी जेडीबी पहुंचे। सांसद ओम बिरला जैसे ही वहां पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उन्हें नारेबाजी करते हुए कंधे पर उठा लिया। बिरला ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का कार्यकर्ताओं को आह्वान और उनकी मेहनत का परिणाम है। 13 प्रतिशत मतदान कम होने से जीत का आंकड़ा कम रहा है। उन्होंने कहा जो वादे हमने चुनावों में किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे। अगले चुनाव में जनता के बीच रिपोर्ट कार्ड लेकर जाएंगे। यह कहना गलत है कि भाजपा या मोदी का जादू कम हो गया है।
आगे की स्लाइड में पढ़िए पूरी खबर...