कोटा. सीआई से लेकर कांस्टेबल तक की गश्त के बावजूद 5 बदमाशों ने इंद्रा विहार जैसी पाॅश कॉलोनी में शनिवार देर रात जमकर उत्पात मचाया। 50 से ज्यादा कारों के शीशे तोड़ दिए। जवाहर नगर थाने के पास ही घटना के बावजूद पुलिस को पता तक नहीं चला। सुबह कारों को देख कॉलोनीवासी थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
सांसद ओम बिरला और विधायक संदीप शर्मा भी थाने पहुंचे। हालांकि कॉलोनी में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में युवकों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना कैद हुई है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो सभी लोग थाने पर धरने पर बैठ जाएंगे।
कैमरे में दिख रहे वीडियो में इंद्र विहार में रात डेढ़ बजे से दो बजे तक 5 युवक उत्पात मचाते दिख रहे हैं। उन्होंने पत्थर मार-मार कर 50 से अधिक कारों के आगे-पीछे और साइड ग्लास तोड़ दिए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो वहां 5-7 कारों के शीशे टूटे होने का पता चला।
सुबह होने पर अन्य लोगों को घटना का पता चला। कारों में पत्थर भी पड़े हुए थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार माहेश्वरी की कार का भी शीशा टूटा था। गुस्साए कॉलोनी वालों ने थाने पर पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
सांसद बिरला ने भी पुलिस अधिकारियों को कहा कि आरोपियों को जल्द पकड़ो। डीएसपी हिमांशु ने बताया कि अभी तक 25 कारों के नंबर मिले हैं, जिनके शीशे टूटे हैं। वहीं माहेश्वरी का कहना है कि बदमाशों ने 50 से अधिक कारों के शीशे तोड़े हैं और कई लोग तो थाने तक ही नहीं पहुंचे। बाद में कार्यवाहक एसपी मनीष अग्रवाल व एएसपी राजन दुष्यंत भी मौके पहुंचे।
आगे की स्लाइडों में है, घटना के बारे में सिलसिलेवार जानकारी...