कोटा। तीन निजी स्कूलों पर मान्यता निलंबन की कार्रवाई के चलते जिला समान अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्नपत्र रोक लिए गए हैं। इन तीनों स्कूलों के छात्रों की परीक्षा अब नजदीक के सरकारी स्कूलों में कराई जाएगी। वहीं शुक्रवार से शुरू हो रही परीक्षा के प्रश्नपत्र गुरुवार को राबाउमावि,बल्लभ नगर में गुरुवार को बांटे गए।
जिला समान परीक्षा के तहत राबाउमावि, बल्लभ नगर में गुरुवार को अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्नपत्र सुबह 10:30 से शाम 4 बजे तक बांटे गए। करवाड़ के न्यू ज्ञान ज्योति उमावि, न्यू सरस्वती मावि पीपल्दा कलां व सत्यनिकेतन उमावि करवाड़ स्कूल की मान्यता निलंबन की कार्रवाई के चलते प्रश्नपत्र रोक लिए गए। न्यू ज्ञान ज्योति उमावि के संचालक हनीफ मोहम्मद व न्यू सरस्वती मावि पीपल्दा कलां के संचालक बिरधीलाल मीणा का कहना है कि मान्यता संबंधी दस्तावेज जुलाई में जमा कर दिए गए थे। जब वह परीक्षा के प्रश्नपत्र लेने आए तो मान्यता निलंबन की कार्रवाई की बात कहते हुए प्रश्नपत्र देने से मना कर दिया गया। दोनों संचालकों का आरोप है कि निलंबन की कार्रवाई का कोई नोटिस उन्हें नहीं दिया गया, न ही कोई कारण बताया जा रहा है।
752 स्कूलों को बांटे प्रश्नपत्र
जिला समान परीक्षा प्रभारी श्रीकांत चतुर्वेदी ने बताया कि जिले के 782 सरकारी व निजी सैकंडरी व सीनियर सैकंडरी स्कूलों में से 752 स्कूलों के प्रश्नपत्र बांटे गए, इनमें मान्यता निलंबन वाले 3 स्कूलों के पेपर जहां परीक्षा कराई जानी है उन स्कूलों को दिए गए हैं। 30 सैकंडरी स्कूल पेपर लेने नहीं आए। अंग्रेजी माध्यम के 27 स्कूलों को शनिवार को प्रश्नपत्र बांटे जाएंगे। इनके साथ ही शेष बचे स्कूलों को पेपर दिए जाएंगे। परीक्षा शनिवार से शुरू होगी। 10वीं व 12वीं में संगीत की परीक्षा होगी। परीक्षा में जिले के 1 लाख 26 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
' इन तीनों विद्यालयों पर मान्यता निलंबन की कार्रवाई की गई थी। इस आधार पर इनके प्रश्नपत्र रोके गए हैं। इन विद्यालयों के छात्रों के भविष्य को देखते हुए इनकी परीक्षा नजदीक के राजकीय विद्यालयों में कराई जाएगी।' - अशोक गौतम, एडीईओ