- Hindi News
- 5 साल से निशुल्क मुहैया करा रहे मेडिकल उपकरण
5 साल से निशुल्क मुहैया करा रहे मेडिकल उपकरण
स्टेशनरोड पुराना बालमंदिर के पास रहने वाले नवीन तोतलानी ऐसे मरीजों को नि:शुल्क मेडिकल संसाधन उपलब्ध करवा रहे हैं, जो इन्हें खरीद पाने में सक्षम नहीं हैं। वे यह काम पिछले 5 साल से कर रहे हैं। इस दौरान वे एक हजार लोगों की मदद कर चुके हैं।
उन्होंने अपने मकान के नीचे गोदाम भी बना रखा है, जिसमें कभी ताला नहीं लगता है। वहीं रहने वाले बुजुर्ग महादेवन इस पर नजर रखते हैं। कोई भी जरूरतमंद आधी रात को भी आता है और महादेवन के सामने सामान निकालकर खुद ही रजिस्टर में एंट्री करके ले जाता है। काम होने के बाद लोग सामान को सुरक्षित लौटा जाते हैं। लंबे समय से जरूरतमंदों को ब्लड की व्यवस्था खासतौर से थैलेसीमिक बच्चों के लिए ब्लड कैंप लगवाना नवीन तोतलानी की पहचान बन चुकी है। पांच साल पहले उनके मित्र के पिता की तबीयत खराब हुई तो वे दोनों जाकर बाजार से पानी वाला बेड लाए। काम होने के बाद बेड यूं ही पड़ा था। इसी दौरान किसी परिचित को जरूरत पड़ी तो उन्होंने वो बेड दोस्त के यहां से लाकर उन्हें दे दिया। इस तरह से वो बेड दो-तीन बार जरूरतमंदों तक पहुंचा और फिर खराब हो गया। बाद में फिर किसी को जरूरत पड़ी तो तोतलानी ने बाजार से बेड खरीदकर दिया। इस तरह से वो बेड भी बदल-बदलकर लोगों तक पहुंचता रहा। यह करने में सुकून मिला तो उन्होंने खाली पड़ा मकान किराए पर उठने के बाद किराए का कुछ अंश इस पर खर्च करने का मानस बनाया।
गोदाम में रखे गए उपकरण की देखरेख करते हैं महादेवन।