- Hindi News
- आयकर सर्वे में 17 करोड़ की अघोषित आय उजागर
आयकर सर्वे में 17 करोड़ की अघोषित आय उजागर
10 व्यापारिक समूहों के 14 ठिकानों पर आयकर सर्वे की कार्रवाई पूरी
कोटा|आयकर विभागने शहर के 10 कारोबारी समूहों के 14 ठिकानों पर सर्वे कर गुरुवार को करीब 17 करोड़ रुपए की अघोषित आय उजागर की है। चालू वित्त वर्ष में आयकर विभाग का यह सबसे बड़ा सर्वे था। जिसमें इतनी बड़ी राशि उजागर हुई है।
आयकर आयुक्त प्रेमप्रकाश ने बताया कि ज्वैलर्स, फार्मा कंपनी, मेडिकल स्टोर, बर्तन स्टोर, माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एवं कॉन्ट्रेक्टर शिप का कारोबार करने वाली फर्मों के यहां सर्वे की कार्रवाई बुधवार को शुरू की गई थी, गुरुवार को पूरी हुई है। इनमें से कुछ फर्मों के इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पलेक्स में हॉस्टल भी संचालित हैं। शहर में 10 ठिकानों एवं शहर के बाहर दो ठिकानों बूंदी के पराना और रामगंजमंडी के पास जुल्मी स्थित माइनिंग पर भी सर्वे किया गया था। उन्होंने बताया कि सर्वे में माइनिंग ग्रुप के यहां से 9 करोड़, फार्मा कंपनी एवं मेडिकल स्टोर के यहां 1.50-1.50 करोड़, रामपुरा में ज्वैलर्स के यहां 1.80 करोड़, तलवंडी में 1.15 करोड़, चौथमाता बाजार में 1.50 करोड़ और बर्तन वाले के यहां 50 लाख रुपए की अघोषित आय उजागर हुई है। इस पर विभाग को करीब 6 करोड़ रुपए टैक्स के रूप में प्राप्त होंगे। सभी करदाताओं ने पकड़ी गई अघोषित आय पर एडवांस टैक्स जमा कराने की स्वीकृति दे दी है। आयकर विभाग ने चालू वित्त वर्ष में अभी तक चार सर्वे किए हैं। इससे पहले हुए तीन सर्वे में करीब 31.50 करोड़ रुपए की अघोषित आय पकड़ी गई थी। इस चौथे सर्वे में 17 करोड़ रुपए की अघोषित आय उजागर हुई है।
सभी की जांच कर रहा विभाग
आयुक्तके अनुसार हाल ही हुए सर्वे में पाया गया कि करदाता आय से कम टैक्स दे रहे थे। विभाग 15 दिसंबर तक एडवांस टैक्स जमा कराने वाले करदाताओं की भी गहनता से जांच कर रहा है, जो करदाता कम एडवांस टैक्स भर रहे हैं, यह सर्वे की कार्रवाई उनके लिए चेतावनी है। एडवांस टैक्स की किश्त सही नहीं भरी गई तो विभाग सर्वे करेगा।