संस्कृति को माताएं बचा सकती हैं
कोटा| विद्याभारती शिक्षा संस्थान की ओर से महावीर नगर थर्ड स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में मातृ-शक्ति सम्मेलन हुआ। वक्ताओं ने माताओं को बच्चों में अच्छे संस्कार डालने और उन्हें योग्य बनने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष बबीता शर्मा ने कहा कि आज देश की संस्कृति दूषित हो रही है। आए दिन भ्रष्टाचार, ज्यादती की घटनाएं सुनने को मिल रही हैं। ऐसे में हमारे बच्चों को शुरू से ही संस्कारवान बनाने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके। मुख्य वक्ता विद्या भारती शिक्षा संस्थान के सचिव श्रवण कुमार शर्मा ने कहा कि आज परिवार टूट रहे हैं, जो चिंता का विषय है। भारतीय संस्कृति को केवल मां बचा सकती है, ऐसे में माताओं को बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने का संकल्प लेना चाहिए। सम्मेलन में प्राथमिक विभाग के प्रधानाचार्य सतीश गौतम ने अतिथियों का परिचय और प्रधानाचार्य विनोद श्रीवास्तव ने आभार जताया। मीडिया प्रभारी मुरलीधर ने बताया कि विशिष्ट अतिथि लाडकंवर गोचर सहित बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
विवेकानंद स्कूल में हुए मातृशक्ति सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं।