- Hindi News
- सम्मान के भाव के साथ करें हिन्दी का प्रयोग
सम्मान के भाव के साथ करें हिन्दी का प्रयोग
कोटा. हिन्दीदिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहरभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बैंक, समाज सेवी संस्थाएं और शिक्षण संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यक्रमों में हिन्दी की महत्ता के बारे में बताया। वहीं शहर में कई जगहों पर इस दौरान निबंध, वाद-विवाद और पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
एसबीबीजे बैंक कोटा में वीरेंद्र सिंह विद्यार्थी ने इस अवसर पर हिन्दी की महत्ता के बारे में बताया। बैंक के डीजीएम जगपाल सिंह ने कहा कि हम हिन्दी का प्रयोग उस भाव के साथ करें जैसे हम अपनी मां का सम्मान करते हैं क्योंकि इसमें मातृ शब्द जुड़ा हुआ है। हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में हिन्दी में कार्य करने की प्रतिज्ञा भी की गई। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में क्षेत्रीय प्रबंधक अध्यक्ष बीएस राठौड़ ने इस मौके पर कहा कि हिन्दी का प्रयोग सहज और सरल है। सभी को अपना कार्य हिन्दी में करना चाहिए। दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
रोटरी क्लब पदमिनी कोटा की ओर से आर्यन चिल्ड्रन स्कूल पाटनपोल में हिन्दी दिवस के मौके पर शनिवार को हिन्दी राष्ट्रभाषा पर निबंध प्रतियोगिता पोस्टर प्रतियोगिता हुईं। क्लब सचिव सरोज लाहोटी ने बताया कि विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा के उत्थान का संकल्प दिलाया गया। इसके अलावा जवाहरलाल नेहरू शिक्षा शास्त्री महाविद्यालय सकतपुरा, बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ एजूकेशन रंगबाड़ी और माला रोड स्थित सेंट पॉल्स स्कूल में भी हिन्दी दिवस मनाया गया।
विचारगोष्ठी: करनीनगरआश्रय में हिन्दी दिवस की शृंखला में विचार गोष्ठी के दौरान हिन्दी की दशा और दिशा के बारे में बताया। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज की डॉ. कंचना सक्सेना ने कहा कि स्पेनिश, चायनीज के बाद हिन्दी विश्व के तीसरे नंबर पर बोली जाने वाली भाषा है। परंतु अब हिन्दी अपना मूल स्वरूप खो रही है। लोग दुकानों और मकानों का नाम भी अंग्रेजी में रखने लगे हैं, यह गलत परंपरा है। इस पर रोक लगनी चाहिए।
एसबीबीजे बैंक में शनिवार को हिन्दी दिवस पर हिन्दी में कार्य करने की प्रतिज्ञा ली गई।