एलआईसी ने फिर परचम लहराया
न्यूज इनबॉक्स
कोटा| बीमाधारकोंके अटूट विश्वास का अनुभव शुक्रवार का भारतीय जीवन बीमा निगम ने एक बार फिर महसूस किया है। अखिल भारतीय स्तर पर निगम की ओर से जारी की गई नई योजना ‘जीवन शगुन’ के तहत मात्र 12 दिनों में 23 हजार से अधिक पॉलिसियां विक्रय कर 110 करोड़ की प्रथम प्रीमियम एकत्रित करने में सफलता अर्जित की है। वरिष्ठ मंडल प्रबंधक संजय भार्गव ने बताया कि अजमेर मंडल ने 1022 ‘जीवन शगुन’ पॉलिसियां विक्रय कर 3.86 करोड़ रुपए की प्रथम प्रीमियम एकत्रित कर अखिल भारतीय स्तर पर 112 मंडलों में प्रथम स्थान पर अपना वर्चस्व बनाए रखा। एलआईसी ने 1 सितंबर को यह पॉलिसी जारी की थी। यह योजना सीमित अवधि 90 दिनों के लिए उपलब्ध रहेगी। योजना के तहत आठ वर्ष से 45 वर्ष तक की आयु के व्यक्ति इसका लाभ उठा सकते हैं। इसमें न्यूनतम मूल बीमाधन 60 हजार एवं अधिकतम की कोई सीमा नहीं है। सिंगल प्रीमियम के तहत यह अधिकतम 12 वर्ष की पॉलिसी है। पॉलिसी अवधि के 10 वर्ष पूर्ण होने पर मूल बीमाधन का 15 प्रतिशत और 11 वर्ष पूर्ण होने पर मूल बीमाधन का 20 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। पॉलिसी अवधि के पूर्ण होने पर मूल बीमाधन का 65 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। योजना में भुगतान किए गए प्रीमियम और परिपक्वता पर मिलने वाली राशि पर आयकर में छूट है।