पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • थोक फल सब्जी मंडी में आए दिन हो रही हैं चोरियां

थोक फल-सब्जी मंडी में आए दिन हो रही हैं चोरियां

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एरोड्रमसर्किल के पास थोक फल -सब्जी मंडी में आए दिन होने वाली चोरियों से आढ़तियों और किसानों में आक्रोश है। मंगलवार की रात को भी चोरों ने मंडी की एक फर्म पुनीत ट्रेडिंग कंपनी की दुकान का ताला तोडकर तिजोरी में रखे 4710 रुपए चुरा लिए। पिछले एक साल में चोरों ने 60 लाख से अधिक का सामान एवं नकदी चुराई है।

आदर्श कोटा थोक फ्रूट एंड वेजीटेबल मर्चेन्ट यूनियन के अध्यक्ष निरंजन मंडावत ने बताया कि चोरों ने पुनीत ट्रेडिंग कंपनी की दुकान का ताला तोड़ने के बाद अंदर रखी तिजोरी का ताला तोड़कर रकम चुराई है। इससे पहले एक और फर्म के यहां चोरी हुई थी, जिसमें सीसीटीवी कैमरे लगे होने से चोर पकड़ में गए। बाद में जनता ने उन्हें ठोका और पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि इस साल अभी तक कम से कम 60 लाख रुपए का माल चोरी हो चुका है। चोर ज्यादातर सेब की पेटियां, लहसु, आलू और प्याज के कट्टे चुराते हैं। कभी-कभी ट्रैक्टर के पार्ट्स और मोबाइल भी चुराते हैं। जिसके शिकार किसान होते हैं। उन्होंने बताया कि चोर इतने शातिर होते हैं कि उनके हम्मालों को चाकू दिखाकर धमकाते हैं। डर के मारे वे बोल नहीं पाते हैं।

फर्म के मालिक नितिन तिवारी ने बताया कि मंगलवार की रात को उनकी दुकान का शटर तोड़कर तिजोरी से 4710 रुपए चुरा लिए। पुलिस को मौका मुआयना करा कर एफआईआर दर्ज कराई है। कोटा थोक फ्रूट एंड वेजीटेबल मर्चेन्ट यूनियन के महामंत्री संतोष मेहता ने बताया कि मंडी में सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था होते हुए भी वह कभी संदिग्ध व्यक्तियों को रोकते नहीं हैं। पास में ही गुमानपुरा थाना है। पुलिस की गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। गुमानपुरा पुलिस ने बताया कि संबंधित फर्म एफआईआर देकर गई है, मामले की जांच चल रही है।

कार्रवाई की मांग

आदर्शकोटा थोक फ्रूट वेजीटेबल यूनियन के सलीम अब्बासी, अब्दुल मतीन, भंवरलाल नागर आदि ने पुलिस प्रशासन से चोरियों को रोकने के लिए उचित कार्रवाई की मांग की है।