पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एमबीएस अस्पताल से 5 साल का रिकॉर्ड चोरी, नहीं दी रिपोर्ट

एमबीएस अस्पताल से 5 साल का रिकॉर्ड चोरी, नहीं दी रिपोर्ट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। एमबीएस अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम रूम के बगल में बने रिकॉर्ड रूम से सोमवार को अस्पताल का पिछले पांच साल का रिकॉर्ड चोरी हो गया। रूम में अस्पताल का बीपीएल, पर्ची, एमएलसी के पर्चे संबंधित कागजात थे। एमबीएस के कर्मचारियों को भनक लगी तो उन्होंने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने रिकॉर्ड की चोरी करते हुए एक स्मैकची को मौके से गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, एमबीएस प्रशासन द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाने के कारण पुलिस ने उसे शांतिभंग में गिरफ्तार करके जेल भिजवा दिया।

एमबीएस के कर्मचारियों ने रविवार दोपहर एक स्मैकची को रिकॉर्ड रूम (पुराने टीबी रूम) में रिकॉर्ड में हेरा-फेरी करते देखा। वो रिकॉर्ड को बोरों में भर रहा था, जिस पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दे दी। नयापुरा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्मैकची को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी करके ले जा रहे बाेरे भी जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि रिकॉर्ड रूम का दरवाजा बाहर से देखने पर बंद दिखता है। रिकॉर्ड रूम की सारी खिड़कियां टूटी हुई हैं। कुछ खिड़कियां मुड़ी हुई हैं। रिकॉर्ड रूम में रखी हुई सारी अलमारियां खाली पड़ी हैं, जिनमें रिकॉर्ड भरा हुआ था।
कई दिन से चल रही चोरी, किसी का ध्यान नहीं

एमबीएस सूत्रों के मुताबिक अस्पताल के रिकॉर्ड से रूम करीबन पूरा भरा हुआ था। रूम में रखी हुई लोहे की अलमारियों में रिकॉर्ड रखा था। इतना रिकॉर्ड एक बार में चोरी चले जाने की घटना से खुद पुलिस भी हैरान है। रिकॉर्ड रूम को देखने से लगता है कि यहां पिछले कुछ दिनों से चोरी चल रही थी, क्योंकि इतना रिकॉर्ड कोई एक बार में नहीं ले जा सकता। वहीं, चोरी करने वाले को भी पुलिस ने पकड़ लिया, जिसके पास से पुलिस ने सिर्फ दो-तीन बोरे जब्त किए हैं।
'हमने चोर पकड़ने के बाद एमबीएस प्रशासन को सूचना भिजवाई थी। एमबीएस प्रशासन से किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है, इसलिए हमने तो स्मैकची को शांति भंग में गिरफ्तार करके जेल भिजवा दिया है।' - रामखिलाड़ी, सीआई नयापुरा

'हां, रिकॉर्ड रूम से अस्पताल का करीब पांच साल का पुराना रिकॉर्ड चोरी हुआ है। रूम में अस्पताल का बीपीएल, पर्ची, एमएलसी के पर्चे संबंधित व अन्य रिकॉर्ड था। सोमवार को चोरी की रिपोर्ट पुलिस को दी जाएगी। चोरी कैसे हो गई? क्या पहले से चोरी चल रही थी, इन सबके बारे में विभागीय जांच करवाई जाएगी।' - आरएस मीणा, अधीक्षक एमबीएस अस्पताल