- Hindi News
- शहर में 20 साल से चल रहा है पारिवारिक सत्संग
शहर में 20 साल से चल रहा है पारिवारिक सत्संग
कोटा |शहर में पिछले 20 साल से पारिवारिक सत्संग चल रहा है। इसमें बच्चों को अच्छे संस्कारों की सीख दी जा रही है। हर माह के अंतिम रविवार सत्संग में समिति के परिवारों के अलावा आसपास के लोग भाग लेते हैं। चार घंटे तक चलने वाले इस सत्संग में एक घंटे तक प्रेरणादायक भगवान श्रीराम के आदर्श को लेकर प्रवचन होते हैं। जिसमें बच्चों को भगवान राम के आदर्श को बताते हुए संस्कारवान बनने की शिक्षा दी जाती है। उन्हें भगवान श्रीराम के गुणों को बताते हुए उन्हें अपनाने की सीख दी जाती है।
समिति के उमाशंकर मूंदड़ा ने बताया कि चार घंटे तक चलने वाले सत्संग में प्रार्थना, गायत्री मंत्र, शिव स्तुति प्रतिज्ञा और बालकांड का वाचन होता है। राम नाम पत्र भी इसमें सभी से लिखवाए जाते हैं, जो हरिद्वार भेजे जाते हैं। वहां धार्मिक स्थल के निर्माण के लिए ये नींव में रखे जाते हैं। सामान्य दिनों में भी परिवार के लोग राम नाम पत्रक में लिखते हैं। समिति में मांगीलाल विजयवर्गीय, रूपचंद शर्मा, जगदीश गुप्ता, नारायण लाल सोनी सहित प्रबुद्धजन जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
दादाबाड़ी में चल रहा पारिवारिक सत्संग। इसमें बच्चे राम-नाम पत्र लिख रहे हैं।