सोना-चांदी में चमक बनी रहेगी
डॉलरइंडेक्स में करेक्शन, निवेश मांग में बढ़ोतरी और रुपए में कमजोरी की वजह से पिछले सप्ताह सोना-चांदी में जबरदस्त तेजी रही। सोने में दो और चांदी में करीब छह प्रतिशत की बढ़त रही। सप्ताह के शुरुआत में बुलियन दबाव के साथ कारोबार करते नजर आए। बाद में डॉलर 89 के नीचे फिसल गया और सोने-चांदी में चमक बढ़ गई। कमोडिटी एक्सपर्ट का मानना है कि अगले सप्ताह सोना बढ़त के साथ एक दायरे में कारोबार करता नजर सकता है। बाजार की नजर इस सप्ताह अमेरिकी फंड की बैठक पर टिकी है।
समीक्षा गत सप्ताह में सोना सोमवार को 26700 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव पर खुला था। वैश्विक तेजी से मंगलवार को सोना 26900 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। बुधवार को सोना 500 रुपए उछल कर 27400 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव पर बिका। गुरुवार को ऊंचे भावों पर समर्थन नहीं मिलने से सोना 50 रुपए की मामूली नरमी पर 27350 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। शुक्रवार को दाम स्थिर रहे। शनिवार को सप्ताहांत में सोना फिर से 50 रुपए बढ़कर 27400 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ।
चांदी 1600 रुपए महंगी
बीते समीक्षा गत सप्ताह में चांदी ने रिकॉर्ड तेजी दर्ज की। सोमवार को चांदी 36500 रुपए प्रति किलो के भाव पर खुली थी। मंगलवार को 400 रुपए बढ़कर 36900 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। बुधवार को 1100 रुपए उछल कर चांदी 38000 रुपए प्रति किलो बिकी। गुरुवार और शुक्रवार को ऊंचे भावों पर निवेशकों का समर्थन नहीं मिलने से चांदी कमोबेश इसी भाव पर टिकी रही। शनिवार को फिर 100 रुपए और महंगी होकर चांदी 38100 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई।
विशेषज्ञों ने माना सोने चांदी में आई तेजी
कमोडिटीएक्सपर्ट के मुताबिक अगले हफ्ते सोना 26,500-27,700 रुपए प्रति 10 ग्राम के बीच कारोबार कर सकता है। वहीं चांदी की कीमतें 37,000-40,000 रुपए प्रति किलो के दायरे में रहने की संभावना है। हालांकि फिलहाल सोने में तेजी का रुझान लग रहा है और अगले 2-3 महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1300 डॉलर का स्तर तोड़ सकता है। लेकिन ग्लोबल स्तर पर मिले -जुले संकेतों के चलते सोने में उतार-चढ़ाव से इंकार नहीं किया जा सकता है।