ताजिए निकाल कर इमाम हुसैन को याद किया
मातमी धुनों के साथ निकाले गए ताजियों को किशोरसागर में किया ठंडा, युवाओं ने दिखाए हैरत अंगेज कारनामे
शहरमें हजरत इमाम हुसैन की याद में चालीसवें के ताजिए निकाले गए। कोटड़ी, छावनी, स्टेशन पर ताजिए निकालकर मातमी धुनों के साथ इमाम हुसैन को याद किया गया। महिलाओं ने मन्नत पूरी होने पर सेहरे बांधे और मन्नत के लिए धागे भी बांधे। युवाओं ने हैरत अंगेज कारनामे दिखाए। ताजियों का जगह-जगह नारियल और फूलों से कई संगठनों ने स्वागत किया।
कोटड़ी के ताजिए फकीरों की मस्जिद से होते हुए जमाल रोड होते हुए किशोरसागर पहुंचे। वहां उस्तादों ने ताजियों का ठंडा किया। इसी प्रकार छावनी के ताजिए भी छावनी से कोटड़ी और किशोर सागर तक पहुंचे। ताजियों के दौरान सीने पर पत्थर तोड़ना, सीने से बाइक निकलना और साइकिल से हैरत अंगेज करतब दिखाए गए। इन उस्तादों का स्वागत भी किया गया। रास्तों में हलुआ, हलीम ठंडे पानी की छबील लगाई गई थीं।
कोटड़ी क्षेत्र में कौमी एकता कमेटी के तबरेज पठान, फरमान पठान, फारूक आदि ने उप महापौर सुनीता व्यास, कांग्रेस के नेता पंकज मेहता, पूनम गोयल का स्वागत भी किया। कोटड़ी में हिंदु-मुस्लिम एकता मंच की ओर से संयोजक आबिद कागजी की अगुवाई में उस्तादों का साफा बांधकर माला पहनाकर स्वागत किया। ताजियों को देखने के लिए सड़कों पर महिलाओं और बच्चों का हुजूम उमड़ा। रात तक ताजिए ठंडे किए गए।
रेलवे स्टेशन बजरिया से मातमी धुनों के बीच निकाले गए चालिसवें के ताजिए।
छावनी क्षेत्र से निकाले गए ताजियों का जगह-जगह हुआ फूलों से स्वागत।