- Hindi News
- रास्ता क्रॉस कर रही मासूम बच्ची को ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मारी
रास्ता क्रॉस कर रही मासूम बच्ची को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मारी
संजयगांधी नगर में सोमवार सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक 5 साल की मासूम बच्ची को टक्कर मार दी। बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी। लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और विज्ञाननगर पुलिस को सौंप दिया। बालिका को गंभीर हालत में एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
संजय गांधी नगर निवासी सानिया (5) पुत्री मोहम्मद शजर सुबह मदरसे से पढ़कर लौट रही थी। संजयगांधी नगर सब्जीमंडी की सड़क को क्रॉस करते समय लिंक रोड की तरफ से रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर नीचे गिरी और बेहोश हो गई। मौजूद लोगों ने तुरंत बालिका को उठा लिया और ट्रैक्टर को रोक लिया। ट्रैक्टर चालक सुंदर को लोगों ने पकड़ कर खूब पीटा। सूचना मिलते ही विज्ञाननगर पुलिस वहां पहुंची और बालिका को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। वहां उसका इलाज चल रहा है। पिता शजर ने बताया कि उनकी बेटी कभी होश में आती है तो रोने लगती है। उसकी हालत अभी ठीक नहीं है। वहीं विज्ञाननगर एएसआई दाताराम ने बताया कि चालक सुंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। वह बोरखेड़ा से खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गोबरिया बावड़ी की तरफ जा रहा था।
टक्कर के बाद बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।