दशहरा मैदान से नहीं हट सका अतिक्रमण
कोटा|दहशरा मैदानसे अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू करने से पहले ही बंद हो गई। नगर निगम का दस्ता आयुक्त भागीरथ वैष्णव के नेतृत्व में मौके पर तो पहुंचा, लेकिन लोगों के विरोध को देखते हुए बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौट आया। उन्हें दो दिन में स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है।
दशहरा मैदान में पशु मेला स्थल पर लोगों ने बड़ी संख्या में अतिक्रमण किया हुआ है। इन्हें हटाने के लिए कभी निगम प्रशासन ने प्रयास नहीं किया, जिससे अतिक्रमियों को हौसले बुलंद होते चले गए। मंगलवार को निगम आयुक्त वैष्णव अतिक्रमण हटाने के इरादे से मौके पर पहुंचे, लेकिन लुहारिया परिवारों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि वे यहां नहीं रहेंगे तो कहां जाएंगे। कैसे अपना पेट पालेंगे। इस पर उन्हें दो दिन का समय दिया गया और दस्ता बिना अतिक्रमण हटाए ही वहां से लौट गया। बाद में छावनी फ्लाईओवर, डीसीएम रोड, विज्ञाननगर में सड़क किनारे के अतिक्रमियों को स्वंय अतिक्रमण हटाने के लिए समझाया।