कोटा। दैनिक भास्कर की ओर चलाए जा रहे प्लास्टिक कप फ्री कोटा अभियान में अदालत कैंटीन में बार एसोसिएशन ने सराहनीय पहल की है। कैंटीन में प्लास्टिक कप पर पूरी तरह बैन लगा दिया है। विकल्प के रूप में पेपर, कांच गिलास और चीनी के कप काम में लिए जाएंगे। इससे हर महीने करीब 30 हजार प्लास्टिक कप का इस्तेमाल रुकेगा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष रघुनंदन गौतम ने बताया कि दैनिक भास्कर की पहल पर परिषद की ओर से कैंटीन सहित 14 टी-स्टाल पर प्लास्टिक कप पर पाबंदी लगा दी है।
उन्होंने बताया कि तीन दिन में यहां करीब साढ़े चार हजार प्लास्टिक कप का उपयोग बंद हो गया है। कैंटीन से लेकर कैंपस में साफ-सफाई होने लगी है। वहीं दूसरी ओर शहर में सामाजिक संस्थाओं, शहरवासियों ने प्लास्टिक कप का यूज नहीं करने का संकल्प लिया है। उधर, मानव कल्याण समिति की ओर से प्लास्टिक कप के इस्तेमाल नहीं करने को लेकर स्टीकर बांटे गए।
वाट्स अप पर आए मैसेज
एरोड्रम स्थित एक निजी कंपनी के ब्रांच मैनेजर मुकेश कुमार सक्सेना ने बताया कि स्टाफ, ग्राहक के लिए प्लास्टिक कप का यूज चाय के लिए नहीं करेंगे। इंद्रा विहार निवासी विपुल शर्मा ने प्लास्टिक कप यूज नहीं करने का संकल्प लिया है।
सभी के सहयोग का किया आह्वान
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रघुनंदन गौतम ने बताया कि प्लास्टिक कपों का इस्तेमाल बंद होने से पर्यावरण प्रदूषण भी रुकेगा। इसमें सभी के सहयोग का उन्होंने आह्वान किया।
(फोटो- अदालत की कैंटीन में प्लास्टिक कपों पर बैन लगने के बाद पेपर गिलास का हो रहा इस्तेमाल।)