बदमाश से परेशान होकर थाने पहंुचे
कोटा| नयापुराथाने से सटी प्रोफेसर कॉलोनी में एक बदमाश से परेशान मोहल्ले वाले मंगलवार को थाने पहुंच गए। उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने पुलिस को खरी-खोटी भी सुनाई। पार्षद अतुल कौशल की अगुवाई में थाने पहुंचे लोगों का कहना था कि मनीष चौधरी की हरकतों से पूरा मोहल्ला परेशान है। सोमवार रात को भी वह शराब के नशे में धुत होकर तेज गति से कार ड्राइव करता हुआ आया, एक कार को टक्कर मार दी और एक बाइक का इंडिकेटर तोड़ दिया। घटना में कुछ लोग भी बाल-बाल बचे। रात को ही थाने पहुंचकर पुलिस को उसके खिलाफ शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। इससे खफा लोग मंगलवार को फिर से थाने पहुंच गए। पार्षद कौशल ने थानाधिकारी को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। थानाधिकारी रामखिलाड़ी मीणा ने बताया कि रात को पार्षद ने सिर्फ सूचना दी थी, इसके बाद भी आरोपी को ढूंढा गया था। सुबह रिपोर्ट दी तो उसकी तलाश की और चंबल पुलिया से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी कार में अवैध शराब भी बरामद हुई।