कोटा. शहर में कारों के शीशे टूटने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है और पुलिस आरोपियों का पता तक नहीं लगा पा रही है। पहले इंद्रविहार उसके बाद केशवपुरा और अब महावीर नगर विस्तार योजना में बदमाशों ने एक कार का शीशा तोड़ दिया।
महावीर नगर विस्तार योजना निवासी निर्मल कुमार जैन ने बताया कि उनकी वैगन आर कार घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब 2 बजे कांच टूटने की आवाज आने से पड़ोस वाले भी जाग गए। इसी दौरान किसी ने देखा कि एक बाइक पर दो युवक तेजी से निकल रहे थे। बाद में पता चला कि कार का शीशा टूटा हुआ है।
कार में अंदर पत्थर भी पड़ा था। संभवत: बाइक सवार युवकों ने पत्थर मारकर कार का शीशा तोड़ा है। इसके संबंध में पुलिस को रिपोर्ट दे दी है। गौरतलब है कि 9 दिन पहले इंद्रविहार में 50 से अधिक कारों के शीशे टूटे थे। उसके बाद केशवपुरा में दो कारों के शीशे टूटे, लेकिन एक भी मामले में पुलिस को कुछ सफलता नहीं मिली।