देवपुरा: वृद्धा की गला घोंटकर हत्या
सीमल्या |थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव में घर में अकेली रह रही एक वृद्धा की बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या कर बदमाश उसके जेवर लूट लिए।
दो दिन पहले हुई वारदात का पता घर के अंदर से दुर्गंध आने पर गुरुवार को चला। पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार राम कुंवारी बाई (85) घर में अकेली रहती थी। उसके तीन पुत्र बिरधीलाल, रामकुंवार और छोटू लाल परिवार समेत कोटा में रहते हैं। तीनों अलग-अलग नौकरी करते हैं। उनकी मां राम कुंवारी घर में अकेली रहती थी। मंगलवार शाम को वृद्धा को घर के बाहर बैठे हुए देखा गया था। उसके बाद वह नजर नहीं आई। महिला का शव चारपाई पर रजाई से ढका हुआ मिला और पंखा चल रहा था। परिजनों ने बताया कि महिला के कान की झुमकियां और शरीर पर पहन रखे दूसरे जेवर भी गायब थे। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था।
बक्से का ताला टूटा हुआ था। महिला के गले में बिजली के तार का फंदा भी लगा हुआ था। थानाधिकारी महेंद्र मारू ने बताया कि चोरी के इरादे से हत्या की गई। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।