कोटा। नएअस्पताल में गुरुवार सुबह की शिफ्ट में संविदाकर्मियों ने काम का बहिष्कार कर दिया। इससे ईसीजी करवाने पहुंचे रोगियों को 10 मिनट की बजाय 25 मिनट इंतजार करना पड़ा। कक्ष के बाहर रोगियों की लाइन लग गई। बहिष्कार का कारण महिला संविदाकर्मियों का आपसी झगड़ा बताया गया है।
अस्पताल में ईसीजी की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है। इसके लिए आउटडोर के समय पांच संविदा कर्मी रहते हैं। दो महीने पहले दो महिला संविदाकर्मियों के बीच झगड़ा हो गया। इस मामले की शिकायत अस्पताल प्रशासन से की गई। विवाद बढ़ता देख एक संविदा कर्मी को हटाकर दूसरी जगह लगा दिया गया।
जब हटाई गई महिला संविदा कर्मी को दुबारा ईसीजी में लगा दिया गया। इसपर तीन संविदा कर्मी काम छोड़कर चले गए। केवल एक महिला संविदा कर्मी इंचार्ज ने ही कामकाज संभाला। इस कारण ईसीजी करवाने के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ा। आउटडोर के समय के बाद जैसे ही इमरजेंसी का समय शुरू होने लगा अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस जेलिया ने महिला संविदा कर्मी को ईसीजी से हटाकर टूडी इको वार्ड में काम करने के लिए लगाया। इसके बाद ही इमरजेंसी में संविदाकर्मियों ने काम शुरू किया।