- Hindi News
- निगम चुनावों में युवाओं को ज्यादा मौका दिया जाएगा: सचिन पायलट
निगम चुनावों में युवाओं को ज्यादा मौका दिया जाएगा: सचिन पायलट
कुपोषणसे सहरिया बच्चों की मौत के मामले में शाहबाद जाने के लिए सोमवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट कोटा पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता उपचुनाव के परिणाम से उत्साहित है। अब निकाय चुनाव भी कांग्रेस पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा- नगर निगम, नगर पालिका, जिला परिषद, पंचायत चुनाव में अच्छे लोगों का चयन कर टिकट दिया जाएगा। युवाओं को पहले से ज्यादा मौका दिया जाएगा। पीसीसी डीसीसी में फेरबदल के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इस बारे में काम किया जा रहा है। कुछ दिनों बाद फेरबदल कर दिया जाएगा। इस दौरान पूर्व सांसद इज्यराज सिंह, पूर्व मंत्री रामकिशन वर्मा, जिला परिषद सदस्य मन्नालाल गुर्जर भी उनसे मिलने पहुंचे। इसके अलावा वहां विधायक रमेश मीणा, पूर्व विधायक सीएल प्रेमी, रामगोपाल वर्मा, मदन महाराजा, पूनम गोयल, पंकज मेहता और यूआईटी के पूर्व सचिव रविन्द्र त्यागी मौजूद रहे। स्टेशन पर पूर्व मंत्री भरत सिंह ने भी उनसे मुलाकात की। इसके पहले स्टेशन पर कांग्रेसियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत करते सचिन पायलट।