कोटा. परिवहन विभाग के अिधकारी शुक्रवार को सुबह से लेकर अाधी रात तक कई कार्रवाइयां कीं। कई बसों को रोका और जब्त भी किया। यात्रियों में भी इस बात की चर्चा थी कि आरटीओ के अधिकारी इतने सक्रिय क्यों है? वहीं बस संचालकों और ट्रेवल एजेंटों ने आरोप लगया कि जयपुर में हो रहे सरकार के एक साल पूरे होने के जश्न में भाजपा कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए बसें ली जा रही हैं।
सबसे पहला मामला सामने आया टोंक जिले के बरोनी थाना क्षेत्र से। यहां श्रीगंगानगर से कोटा रही एक निजी बस को डीटीओ ने रोककर यात्रियों को उतार लिया। बाद में बस को जब्त कर लिया तो यात्रियों को दूसरी बसों से जाना पड़ा और किराया भी दुबारा देना पड़ा।
बस के यात्री रामवतार ने बताया कि डीटीओ ने सभी यात्रियों को उतारकर बस को थाने के बाहर लाकर खड़ा कर दिया। बस में करीब 18 से 20 यात्री थे। ट्रेवल एजेंसी संचालक अशोक कुमार ने आरोप लगाया है कि सरकार का एक साल पूरा होने पर जयपुर में आयोजित समारोह के लिए डीटीओ ने बस जब्त की है।
नयापुरा बस स्टैंड के पास आधी रात करीब 12 बजे परिवहन विभाग के अधिकारी अपनी जीप लेकर खड़े थे, लेकिन भास्कर फोटो जर्नलिस्ट को देखकर वहां से चले गए। इसी दौरान काफी समय से वहां खड़ी दो सवारी बसें भी रवाना हो गईं।