पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तलवंडी में फिर टूटी चेन, महिला सूचना देने पहुंची तो पुलिस चौकी बंद मिली

तलवंडी में फिर टूटी चेन, महिला सूचना देने पहुंची तो पुलिस चौकी बंद मिली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा. तलवंडी सेक्टर में रात को मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला के गले से बाइक सवार युवक 3 तोला सोने की चेन तोड़कर भाग गए। महिला ने एक स्कूटी सवार महिला के साथ उनका पीछा भी किया। लेकिन, तब तक वे भाग निकले। दोनों महिलाएं जवाहर नगर पुलिस चौकी पर गईं, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। उसके बाद थाने जाकर वारदात की सूचना दी।

तलवंडी बी सेक्टर निवासी अजीता सेठी (45) पत्नी चंद्रप्रकाश सेठी ने बताया कि वे रोज शाम को सेक्टर के जैन मंदिर में दर्शन के लिए जाती हैं। सोमवार रात को करीब सवा 7 बजे वे दर्शन करके लौट रही थीं। मॉडर्न स्कूल के पीछे की तरफ काफी अंधेरा था। इसी दौरान पीछे से एक बाइक आई। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन तोड़ ली।
घटना के बाद वे जोर सी चीखीं तो वहां मौजूद एक महिला भी मदद के लिए चिल्लाई। इतनी देर में स्कूटी सवार महिला आई। उसने सेठी को अपने साथ स्कूटी पर बैठाया और आरोपियों का पीछा किया। लेकिन, युवक बाइक काफी तेज चला रहे थे, वे कुछ ही देर में ओझल हो गए।
इसके बाद वे सीधी जवाहर नगर पुलिस चौकी पर पहुंचीं, लेकिन चौकी बंद मिली। चौकी बंद देख महिला ने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। डीएसपी हिमांशु ने बताया कि सूचना मिलते ही पूरे इलाके में नाकाबंदी करवा दी। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें जुट गई हैं। सीसीटीवी फुटेज भी तलाशे जा रहे हैं। जवाहर नगर पुलिस चौकी का स्टाफ इंद्र विहार में लगा रखा है।