- Hindi News
- जनता ने बहुमत से जिताया अब उसकी समस्याओं का समाधान करो: बिरला
जनता ने बहुमत से जिताया अब उसकी समस्याओं का समाधान करो: बिरला
सांसदसे लेकर वार्ड पार्षद तक जनता ने भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाया है, अब जनता के हर दुख दर्द में सहभागी बनने का समय भाजपा के कार्यकर्ताओं का है। जनता की हर समस्या का समयबद्ध समाधान अब हमारी जिम्मेदारी होना चाहिए। यह बात सांसद ओम बिरला ने बुधवार को विजयवर्गीय मांगलिक भवन में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में कही।
बिरला ने कहा कि जो लोग जीत गए हैं, उन्हें किसी भी प्रकार का अहंकार नहीं करना चाहिए। सभी को जनता का सेवक बनकर जुट जाना चाहिए। हर पार्षद को अपने वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने की ओर कार्य करना चाहिए, जिसकी कार्ययोजना तुरंत तैयार हो। उन्होंने हारने वालों को भी नसीहत देते हुए कहा कि कमियों का अवलोकन करें। राज्य में भाजपा की सरकार को एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर 13 दिसंबर को समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कोटा से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पहुंचना चाहिए। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा दक्षिण से भी 12 दिसंबर को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बसों से रवाना होंगे। इसके लिए हर वार्ड में दो बसें लगाई जाएंगी। प्रत्येक वार्ड का पार्षद ही वहां का प्रभारी भी होगा।
महापौर महेश विजय ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से एक वर्ष में जनकल्याण की कई योजनाएं शुरू की गई हैं। अब इन योजनाओं को घर-घर तक ले जाने का कार्य नगर निकायों को करना होगा। कार्यक्रम का संचालन पूर्व उपमहापौर योगेन्द्र खींची ने किया। कार्यक्रम में पार्षद महेश गौतम लल्ली, विनोद नायक, ध्रुव प्रकाश राठौर, प्रकाश सैनी, गोपाल राम मंडा, विवेक राजवंशी,बृजमोहन गौड़, गुड्डू मरचुनिया, पवन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विजयवर्गीय मांगलिक भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते सांसद बिरला।
स्वच्छता के लिए झाड़ू लगाते विधायक संदीप शर्मा।