- Hindi News
- कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला तो काम किया बंद
कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला तो काम किया बंद
कोटा| चंबलगार्डन में कार्यक्रम ठेका मजदूरों को अगस्त का वेतन अभी तक नहीं मिला। ईएसआई पीएफ का भी कुछ पता नहीं है। साथ ही वेतन मांगने पर उन्हें हटाने की धमकी दी जा रही है। इससे परेशान होकर सभी कर्मचारियों ने दो दिन से काम बंद कर दिया।
सोमवार को सभी कर्मचारियों ने पहले तो गार्डन के बाहर प्रदर्शन किया और फिर महापौर से मिलकर अपनी व्यथा सुनाई। महापौर ने उन्हें दो दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
चंबल गार्डन में ठेके पर लगे करीब 30 श्रमिकों को पिछले माह का वेतन 15 सितंबर तक नहीं दिया गया, जबकि नियमानुसार 7 तारीख से ज्यादा किसी का भी वेतन नहीं रोका जा सकता है। इसके अलावा इन कर्मचारियों को ईएसआई का भी लाभ नहीं मिल रहा है। पीएफ काटा जा रहा है, लेकिन उन्हें ठेकेदार द्वारा पीएफ नंबर भी उपलब्ध नहीं करवाया गया। इन सबके बावजूद निगम के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा ठेकेदार का ही पक्ष लेकर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने के लिए धमकाया जाता है। सोमवार को जब महापौर मेले की मीटिंग के लिए गांधी उद्यान पहुंचीं तो सभी कर्मचारी वहां पहुंच गए और अपनी पीड़ा उन्हें बताई। महापौर ने उद्यान अधीक्षक रघुराज सिंह को बुलाकर बात की। उनका कहना था कि ईएसआई नहीं काटी जा रही है। महापौर ने कहा कि ठेकेदार को पाबंद करों कि ईएसआई काटे और पीएफ का नंबर उपलब्ध करवाए। वेतन भी तत्काल दिलवाने की व्यवस्था की जाए।