- Hindi News
- जिला फुटबॉल संघ के चुनाव की वैधता पर असमंजस
जिला फुटबॉल संघ के चुनाव की वैधता पर असमंजस
कोटा| जिलाफुटबॉल संघ के चुनाव की वैधता पर रजिस्ट्रार कार्यालय से जारी एक आदेश ने सवाल खड़े कर दिए हैं। चुनाव 14 सितंबर को हुए थे। जिसमें निर्विरोध रूप से शंभूसिंह हाड़ा को अध्यक्ष और नईम खान को सचिव बनाया गया था। इसके साथ उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों पर भी निर्वाचन हुआ था।
दरअसल, जिला फुटबाल संघ ने 22 अगस्त को जनरल बाॅडी मीटिंग के एजेंडे के साथ ही फुटबाल संघ के कार्यकारिणी के चुनाव की सूचना मान्यता प्राप्त सभी क्लबों, रजिस्ट्रार, खेल अधिकारी सहित अन्यों को भेजी थी। इसके जवाब में रजिस्ट्रार ने 10 सितंबर को जिला फुटबॉल संघ को पत्र लिखकर साधारण सभा की बैठक बुलाया जाने के साथ चुनाव को असंवैधानिक बताया था। पत्र में कहा गया था कि आठ जुलाई से राजस्थान क्रीड़ा अधिनियम 2005 की धारा (23) के तहत जिला फुटबाल संघ कोटा के कार्यकारी निकाय के निर्वाचन अधिनियम और संघ की पंजीकृत उपविधियों के अनुसार नहीं करवाने और संघ का प्रतिवर्ष ऑडिटेड लेखा कार्यालय में प्रस्तुत नहीं करवाने की जांच करवाई जा रही है। इसी कारण मीटिंग चुनाव नहीं करवाए जा सकते। रजिस्ट्रार ऑफिस ने कुछ अन्य हवाले भी दिए थे। इस पत्र के जारी हाेने के बाद 14 सितंबर को जिला फुटबॉल संघ चुनाव हो गए। उधर, संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जो फुटबॉल संघ से पंजीकृत नहीं है, वे बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं। सभी जांच पूरी हो चुकी है। चुनाव की सूचना भी सबको दी गई थी।