कोटा. अगर सब कुछ ठीक रहा तो भविष्य में कोटा में इजराइल की तकनीक से संतरा पैदा होगा। इसके लिए राजस्थान सरकार ने
इजरायल के साथ टाई-अप किया है। जिसके जरिए यहां के किसानों को इजरायली तकनीक से अच्छी किस्म का संतरा पैदा करने की जानकारी दी जाएगी। बूंदी रोड पर संतरा उत्कृष्टता केन्द्र खोला गया है। केन्द्र पर बुधवार को उन्नत संतरे की खेती कैसे की जाए विषय पर सेमिनार हुई। जिसका शुभारंभ कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने किया।
उन्होंने कहा कि केन्द्र के माध्यम से उन्नत किस्म का संतरा पैदा करने की तकनीक के साथ-साथ बीज एवं पौध भी उपलब्ध कराई जाएगी। राजस्थान में बस्सी जयपुर में अनार, जैसलमेर बसेड़ी में खजूर एवं कोटा में संतरा का केन्द्र शुरू किया है। झालावाड़, धौलपुर एवं टोंक में भी केंद्र स्वीकृत कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्यानिकी के सघन विकास के भविष्य को ध्यान में रखकर नई तकनीक के साथ यह केन्द्र खोला है।
6.5 हैक्टेयर भूमि पर बना है संतरा उत्कृष्टता केन्द्रकेन्द्र के वैज्ञानिक राशिद खान ने बताया कि संतरा उत्कृष्टता केन्द्र 6.5 हैक्टेयर भूमि पर करीब 6.5 करोड़ की लागत से बना है। इसमें 1000-1000 वर्गमीटर में हाईटेक प्राइमरी नर्सरी, दो-दो हजार वर्गमीटर की सेकंडरी नर्सरी है। केन्द्र पर किसानों को प्रशिक्षण एवं उनके ठहरने के लिए हॉस्टल भी है। इजरायल सरकार के सहयोग से शुरू किए गए सेंटर को इंडो इजरायल परियोजना नाम दिया गया है।