नया उड़द नवरात्र तक आना संभव
मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश की सीमावर्ती मंडियों में नए उड़द की आवक शुरू हो गई है। राजस्थान में भी नया उड़द नवरात्र तक आने की संभावना है। मध्य प्रदेश के नीमच, मंदसौर, आगर, शिवपुरी एवं कटनी से लेकर विलासपुर तक अलग-अलग मंडियों में लूज उड़द 4400 से 4900 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है। नए उड़द की दस्तक से कोटा मंडी में भाव 800 रुपए क्विंटल टूट कर 4251 से 4401 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिका।
उड़द सस्ता होने से दो सप्ताह के दौरान उड़द मोगर एवं छिलका दाल में लगभग 1200 रुपए प्रति क्विंटल यानी 12 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है। अलबत्ता मूंग इसकी दाल में फिलहाल मजबूती बनी हुई है। शनिवार को उड़द दाल 6500 से 7500 रुपए प्रति क्विंटल बिकी। कृषि विभाग के अनुसार गत वर्ष उड़द का उत्पादन घटकर 14 लाख टन के करीब हुआ था, जो इस बार 25 लाख टन के करीब होने का अनुमान रहा है।
राजस्थान एवं मप्र की मंडियों में नई सोयाबीन की फसल भी दशहरे के आसपास आने की संभावना है। महाराष्ट्र में नई सोयाबीन की दस्तक हो चुकी है। इसलिए इसके भाव 3000 से 3250 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास गए हैं। इस बीच एनसीडैक्स पर सोयाबीन में लोअर सर्किट लग चुका है। बाजार में सोयाबीन में भी बिकवाली का दबाव बना हुआ है। हालांकि खाद्य तेलों में श्राद्ध के बाद शादियों की ग्राहकी निकलने की संभावना के बीच स्टॉकिस्ट सक्रिय होने से 20 से 25 रुपए टिन की तेजी चुकी है। खास तौर से मूंगफली तेल के दाम में तेजी है।