कोटा. देवली अरब में एक वृद्ध की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया। परिजन का कहना है हत्या जमीन के विवाद के चलते प्रॉपर्टी डीलर ने की है, जबकि पुलिस को मामला हत्या का नहीं लग रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
देवली अरब निवासी 60 वर्षीय रामरतन राठौर का शव रविवार सुबह पेड़ से लटका हुआ मिला। वह करीब 4 से 5 फीट की ऊंचाई पर लटका हुआ था। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर उसके बेटे राकेश और सोनू वहां पहुंचे। जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
डीएसपी तेज सिंह, सीआई गजेंद्र सिंह और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। बाद में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सीआई गजेंद्र सिंह ने बताया कि बेटे तेजराज की रिपोर्ट पर बोरखेड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर घनश्याम कुशवाह, नत्थू चौहान, परवेज नासिर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर चारों से पूछताछ की जा रही है।
इन बिंदुओं पर करनी है पुलिस को जांच
-मृतकके अंगूठे पर स्याही के निशान मिले हैं, यह क्यों थे, क्या मौत पहले उसने किसी कागज पर अंगूठा लगाया था। जबकि बेटों का कहना है कि पिता हस्ताक्षर किया करते थे।
- शव 4-5 फीट ऊपर ही लटका हुआ था, उसके घुटने मुड़े हुए थे।
- मौके पर एक महिला की चप्पल भी मिली है।
- रामरतन के अलावा मौके पर अन्य लोगों के पैरों के निशान भी मिले हैं।
तर्क ये भी
- पुलिस को वहां कोई संघर्ष के निशान नहीं मिले। शरीर पर कोई चोट नहीं।
- डॉक्टर भी प्रारंभिक जांच में मामला हैंगिंग का ही बता रहे हैं।
- घटनास्थल के पास एक कुआं और नाला है। पुलिस का मानना है कि मारने वाले उसे वहां भी फेंक सकते थे, लटकाने में क्यों समय व्यर्थ करते। वहां देखे जाने का डर रहता।