- Hindi News
- घटस्थापना के साथ शुरू हुई माता की आराधना
घटस्थापना के साथ शुरू हुई माता की आराधना
कोटा|मां दुर्गाकी आराधना का नौ दिनों तक चलने वाला नवरात्र पर्व गुरुवार से शुरू हो गया। पहले दिन सभी शक्ति पीठों पर मुहूर्त के अनुसार घटस्थापना की गई। सुबह से ही गले में दुपट्टा और माथे पर जय माता दी की पट्टी बांधे श्रद्धालु मंदिर पहुंचते गए।
भक्तों ने श्रद्धा भाव से मंदिरों में पूजा-अर्चना की। जय माता दी... जय शेरों वाली, जय मेढ़ा वाली, जय जोता वाली... जैसे जयकारों के बीच माता के दर्शन करने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही। शहर के दाढदेवी, दूधिया खेड़ी माताजी, करनी माता, कुन्हाड़ी बीजासन, नयापुरा काली माता, रामतलाई के जगतमाता, गुमानपुरा शीतलामाता मंदिर, आशा पाला मंदिर सहित अन्य मंदिरों में इस दिन देवी प्रतिमाओं का विशेष शृंगार हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने माता को लाल चुनरी ओढ़ाकर मुराद मांगी। इसी के साथ मंदिरों में रामचरित मानस, दुर्गा सप्तशती के पाठ भी शुरू हो गए हैं।
नवरात्रा के पहले दिन विज्ञान नगर दुर्गा माता मंदिर में भजन गाती महिलाएं।