कोटा। अंटाघर पर हादसे कम करने के लिए यूआईटी के इंजीनियर ढंग से स्पीड ब्रेकर तक नहीं बना सके। यूआईटी ने रंबल स्पीड ब्रेकर के नाम पर चार-चार दीवारें बना दी। जिनसे गुजरते समय वाहन चालकों को हादसे का डर बना रहता है। यह स्पीड ब्रेकर इंडियन रोड कांग्रेस के नियमों के विपरीत हैं। अब वाहन चालकों की शिकायतों को देखते हुए इन्हें फिर से बदलने की तैयारी की जा रही है।
अंटाघर चौराहे के आस-पास हुए सड़क हादसों में तीन साल में तीस से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके बाद शहर यहां पर फ्लाईओवर या अंडरपास बनाने की मांग को लेकर एकजुट हो गया। प्रशासन भी इसके लिए तैयार हो गया। अंडरपास की फिजिबिलिटी के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया। फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति के लिए सेना को पत्र लिख दिया। इस बीच यहां पर वाहनों की स्पीड कम करने के लिए कलेक्टर व पुलिस ने यूआईटी को रंबल स्पीडब्रेकर बनाने के आदेश जारी कर दिए।
नियमों के विपरीत बना दिए स्पीड ब्रेकर
यूआईटी में इंजीनियरों की लंबी-चौड़ी फौज होने के बावजूद रंबल स्ट्रिप बनाने में नियमों का ध्यान नहीं रखा। इंडियन रोड कांग्रेस के अनुसार इसकी पांच लाइन बनती है, जिसकी ऊंचाई 1 इंच व बीच का गैप एक मीटर होता है। इसके विपरीत यूआईटी ने यहां पर चार-चार लाइन के पांच इंच ऊंचे ब्रेकर बना दिए। जैसे ही वाहन यहां से गुजरते हैं उस पर बैठा व्यक्ति उछलता है। इससे वाहन से गिरने के साथ ही हादसे की आशंका रहती है।
वाहन चालकों ने की शिकायत
परेशान वाहन चालकों ने ट्रैफिक की डिप्टी तृप्ति विजयवर्गीय से शिकायत की है। उन्होंने भी माना है कि यह ब्रेकर मानकों के अनुरूप नहीं है। इसकी जानकारी उन्होंने यूआईटी के इंजीनियर अनिल गालव को दी। वह बुधवार को मौके पर जाएंगे।
जानलेवा हो सकता है यह स्पीड ब्रेकर
'कलेक्ट्रेट, कोर्ट व अब अंटाघर चौराहे के पास जो रंबल स्ट्रिप बनाए गए हैं, वह इंडियन रोड कांग्रेस के अनुरूप नहीं है। इनसे वाहन उछलते हुए चलते हैं। यह हादसे रोकने वाले नहीं बल्कि बल्कि हादसे बढ़ाने वाले हैं। इन पर वाहन उछलते हुए चलते हैं।' -बीडी माहेश्वरी, रिटायर्ड एसई, पीडब्ल्यूडी
नियम के अनुसार बनाए गए हैं स्पीड ब्रेकर
'पुलिस अधिकारियों के कहने पर यह स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इसका उल्लेख इंडियन रोड कांग्रेस में भी है। इसके अनुरूप ही इन्हें बनाया गया है। इन्हें लेकर शिकायतें अाई है। बुधवार को ट्रैफिक डिप्टी के साथ देखा जाएगा।' -अनिल गालव, एक्सईएन यूआईटी
(फोटो- अंटाघर चौराहे पर यूआईटी ने जो स्पीड ब्रेकर बनाए वो इंडियन रोड कांग्रेस के नियमों के विपरीत हैं।)