कोटा। जिले के तीन विधायकों ने जिला प्रभारी व मंत्री बाबूलाल वर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से बजट घोषणा में कोटा के लिए कुछ मांगें की है।
इसमें शहरी सीमा में चंबल नदी के दोनों ओर रिटर्निंग वॉल, इटावा क्षेत्र में गैंता माखीदा पुल के निर्माण कार्यों का बजट व अनकमांड सिंचित क्षेत्रों के लिए दाईं मुख्य नहर पर लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं की स्वीकृति व बजट मांगा गया है। यह प्रस्ताव विधायकों ने बुधवार को मंत्री द्वारा कलेक्ट्रेट के टैगोर हॉल में ली बैठक में दिए। आगामी माह में बजट सत्र को देखते हुए मंत्री ने विधायकों और क्षेत्रीय प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों से प्रमुख कार्य व प्रस्तावित योजनाएं मांगी।
बैठक में कोटा उत्तर विधायक प्रहलाद गुंजल, विद्यांशकर नंदवाना व हीरालाल नागर उपस्थित रहे। विधायक गुंजल ने बैराज से भदाना तक चंबल के दोनों ओर बाढ़ से बचाव के लिए सुरक्षा दीवार बनाने के लिए 197 करोड़ व नदीपार के कुन्हाड़ी क्षेत्र में ड्रेनेट सिस्टम डवलप करने के लिए 200 करोड़ का बजट मांगा है।