- Hindi News
- कांग्रेस के कुल 6 पार्षद, नेता प्रतिपक्ष के लिए 2 मैदान में
कांग्रेस के कुल 6 पार्षद, नेता प्रतिपक्ष के लिए 2 मैदान में
कोटा| नगरनिगम में नेता प्रतिपक्ष को लेकर कांग्रेस में विवाद शुरू हो गया है। हालांकि नेता खुलकर इस बारे में नहीं बोल रहे, लेकिन दो पार्षदों के नाम सामने आने से इसका फैसला पूर्व मंत्री के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया है। निगम चुनावों में कांग्रेस के मात्र 6 पार्षद जीतकर आए हैं, इसमें पार्षद राखी गौतम दूसरी बार पार्षद बनी हैं। उन्होंने अपने अनुभव पिछले कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों के आधार पर नेता प्रतिपक्ष का दावा किया है। वहीं वार्ड 44 से महापौर के दावेदार योगेन्द्र खींची को हराकर पार्षद बनने वाले दिलीप पाठक भी इस दौड़ में शामिल हैं। उनके साथ जिलाध्यक्ष गोविंद शर्मा का वरदहस्त भी है। लेकिन, इसमें पूर्व यूआईटी अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी की सहमति नहीं बन पा रही है।
अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि फैसला शीघ्र हो जाएगा। बुधवार को इस बारे में पूर्व मंत्री धारीवाल से बात की जाएगी। इसमें पूर्व यूआईटी अध्यक्ष त्यागी की सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं त्यागी ने कहा कि आपसी सहमति से नियुक्ति हो जाएगी।