- Hindi News
- आज जेडीबी में 2 नए कॉलेजों का उद्घाटन, प्रिंसिपल तय नहीं, शाम तक तैयार होते रहे ऑफिस
आज जेडीबी में 2 नए कॉलेजों का उद्घाटन, प्रिंसिपल तय नहीं, शाम तक तैयार होते रहे ऑफिस
कोटा| जेडीबीकॉलेज बुधवार से औपचारिक रूप से तीन हिस्सों में बंट जाएगा। मूल कॉलेज आर्ट्स का रहेगा। साइंस और कॉमर्स संकाय के अलग-अलग कॉलेज होंगे। लेकिन, मंगलवार तक ढांचागत सुविधाएं भी नहीं जुट पाईं। दोनों नए कॉलेजों के लिए अभी तो जमीन-भवन है और स्टाफ। प्रिंसिपल तक की नियुक्ति नहीं हुई है। कॉलेजों के लिए जमीन भी नहीं मिली है। उद्घाटन मात्र औपचारिक होगा। मंगलवार को आनन-फानन समारोह को लेकर प्रिंसिपल चैंबर की तैयारियां होती रहीं। कहीं आलमारियां शिफ्ट की गईं तो कहीं मिनिस्ट्रियल स्टाफ को बैठाने की कुर्सियां लगाई गईं। जेडीबी में लाइब्रेरी के पास स्टाफ रूम में कॉमर्स और जूलॉजी लैब में साइंस कॉलेज के प्रिंसिपल चैंबर बना दिए हैं। चैंबर में ही मंत्रालयिक कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था कर दी। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद ओम बिरला होंगे। भले ही दोनों नए कॉलेजों के नाम लिखवा दिए गए हों, लेकिन कक्षाएं पहले की तरह ही चलती रहेंगी। अध्यक्षता प्रिंसिपल हरिसिंह मीना करेंगे।