पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • निरीक्षण में महापौर को मिला दुकानों का विवाद, जांच के बाद करेंगे कार्रवाई

निरीक्षण में महापौर को मिला दुकानों का विवाद, जांच के बाद करेंगे कार्रवाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कोटा। नगर निगम प्रशासन स्टेशन स्थित फलमंडी में अपनी दुकानों को कब्जाने के लिए फिर से सक्रिय हो गया है। महापौर महेश विजय ने मंगलवार को इस क्षेत्र में चलाए गए सफाई अभियान के दौरान इन दुकानों को देखकर आयुक्त नरेन्द्र कोठारी से पूरी जानकारी मांगी है।

निगम ने पहले बोर्ड के समय 1997 में तत्कालीन राज्यसभा सदस्य भुवनेश चतुर्वेदी के कोष से स्टेशन इलाके में 30 से अधिक दुकानों का निर्माण कराया था। इन दुकानों को फल व फूल बेचने वालों को किराए पर आवंटित किया गया। आवंटियों ने दुकानें तो ली, लेकिन उसका किराया ही जमा नहीं करवाया। निगम ने नोटिस जारी की, लेकिन बकाया राशि जमा नहीं हुई। बाद में दुकानों से आवंटियों को बेदखल कर अपना ताला लगाने का निर्णय भी लिया। इसके बाद से इस मामले में क्या हुआ, न तो निगम अधिकारियों ने ध्यान दिया और न ही चुने हुए जनप्रतिनिधियों ने कभी इस ओर देखा।

सुविधा देने की बात कही तो खुला मामला

महापौर ने निरीक्षण के दौरान दुकानों को देखा। तब भी कोई नहीं बोला कि यह दुकानें निगम की है और आवंटी यहां पैसा जमा नहीं करवा रहे। उन्होंने तो फलमंडी वालों से अपनी दुकानों में दुकान लगाने के साथ ही निगम के अधिकारियों से यहां सफाई करने व एक महिला टॉयलेट बनाने के लिए कहा। इसी दौरान उन्हें किसी ने कहा कि यह दुकानें निगम की संपत्ति है और यहां पर आवंटी पैसा भी जमा नहीं करवा रहे। इस पर उन्होंने आयुक्त को पूरी जानकारी करके उन्हें रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
कई जगह समस्याओं के समाधान का दिया निर्देश
खुला-खुला हो गया बाजार
भीमगंजमंडी मुख्य मार्ग पर शीतला माता मंदिर के सामने ठेलों के अतिक्रमण को महापौर और उपमहापौर सुनीता व्यास ने मंगलवार को पहल करते हुए पीछे करवाया। जिससे सड़क खुली-खुली नजर आने लगी। उन्होंने स्वास्थ्य निरीक्षक सुरेश पचेरवाल को यहां चूने की लाइन खिंचने का निर्देश दिया। इसके पीछे ही ठेले वाले अपना व्यापार करेंगे। इसके बाद स्टेशन क्षेत्र के निरीक्षण में स्थानीय पार्षद वंदना अग्रवाल, सीताराम शर्मा व मोहम्मद हुसैन मोम्दा भी महापौर के साथ रहे। तीनों पार्षदों की शिकायत पर महापौर ने आयुक्त नरेंद्र कोठारी से नेहरूनगर शमशान में पार्क के लिए निर्माण व उद्यान अनुभाग को तत्काल प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा।
नाले से निकले चाय के जूठे कप
शीतला माता मंदिर के पास से निरीक्षण प्रारंभ करते हुए उन्होंने सबसे पहले वहां सड़क पर फैले पड़े चाय के झूठे कपों को दुकानदारों से ही सिमटवाया। लोगों की शिकायत पर बंद पड़ी यूरिनल सुविधा को चालू करवाने के लिए आयुक्त नरेंद्र कोठारी को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोगों ने मारवाड़ी प्रोविजन के पीछे नाले के जाम होने की शिकायत की। नाले की सफाई करवाई गई तो उसमें सिर्फ चाय के प्लास्टिक के कप निकले। ठेले वालों ने वादा किया कि अब वे कपों को नाले में नहीं फेकेंगे।

15 दिन में शुरू होगा शास्त्री पार्क के सामने नाले का काम
भीमगंजमंडी के शास्त्री पार्क के सामने नाले का काम जल्द से जल्द वर्कऑर्डर जारी करवाकर 15 दिन में शुरू करने के लिए कहा। इसी प्रकार कोटड़ी में स्थानीय पार्षद भगवान स्वरूप गौतम की शिकायत पर दाईं मुख्य नहर के नीचे से निकल रहे नाले के जाम हो जाने से अक्सर कोटड़ी क्षेत्र में गंदे पानी के भराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के भी आदेश दिए।
दुकानों की रिपोर्ट मांगी है
'दुकानों के बारे में रिपोर्ट मांगी है। आवंटियों ने यदि राशि जमा नहीं करवाई तो आवंटन निरस्त करके उन्हें नीलाम किया जाएगा।' - महेश विजय, महापौर