व्यापारी से 70 हजार की लूट
रंगपुरपुलिया पर मंगलवार देर रात चार बदमाशों ने एक व्यापारी से 70 हजार रुपए लूट लिए। पुलिस ने व्यापारी की रिपोर्ट दर्ज करके मामले में जांच शुरू कर दी है।
सीआई हरीश भारती के मुताबिक कैलाशपुरी निवासी व्यापारी हनुमान उर्फ शिवशंकर स्टेशन क्षेत्र में फलों का व्यापार करते हैं। जो मंगलवार रात करीब 70 हजार रुपए का कलेक्शन करके अपने घर लौट रहे थे। वो जैसे ही भीमगंजमंडी थाने को पार करके रंगपुर पुलिया पर पहुंचे तभी सामने से दो बाइक सवार बदमाश आए और उनके सामने बाइक लगा दी। वो संभल पाते इतने में दो बाइक सवार पीछे से गए और चारों ने मिलकर उन्हें बाइक से गिरा दिया। मुंह पर कपड़ा बांधकर आए बदमाशों ने व्यापारी हनुमान को चुपचाप सारे पैसे निकालने के लिए कहा। जब व्यापारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद बदमाश व्यापारी से 70 हजार रुपए लूटकर ले गए। घटना के बाद भीमगंजमंडी के सभी व्यापारी एकजुट होकर थाने पहुंच गए। भीमगंजमंडी व्यापार संघ अध्यक्ष राजेन्द्र चावला ने घटना की निंदा की और रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।